दून के फल बाजार में तरबूज और खरबूजा की महक, जानिए इनसे होने वाले फायदे
गर्मियों ने दस्तक दे दी है। चटख धूप के बीच तपिश बढ़ गई है। ऐसे में गर्मी के फलों ने भी बाजार में मौजूदगी दर्ज करा दी है। फल मंडी में तरबूज और खरबूजा की महक बिखर गई है। हालांकि अभी ज्यादा खरीदार नहीं मिल रहे।
जागरण संवाददाता, देहरादून। गर्मियों ने दस्तक दे दी है। चटख धूप के बीच तपिश बढ़ गई है। ऐसे में गर्मी के फलों ने भी बाजार में मौजूदगी दर्ज करा दी है। फल मंडी में तरबूज और खरबूजा की महक बिखर गई है। हालांकि, अभी ज्यादा खरीदार नहीं मिल रहे हैं, लेकिन धीरे-धीरे फल कारोबार जरूर तेजी पकड़ने लगा है।
गर्मी के इस मौसम में धूप और गर्म हवा से लोग परेशान होने लगे हैं। इन समस्याओं से बचाव के लिए अपना खयाल रखने की जरूरत होती है। इसके लिए सबसे बेहतरीन उपाय अधिक से अधिक फलों का सेवन करना, वह भी सीजनल फल इसका सबसे बेहतर जरिया है। देहरादून की मंडी में अब तरबूज और खरबूज समेत ककड़ी-खीरा भी पहुंच गए हैं। ये सभी फल गर्मियों में स्वास्थ्य के लिए अच्छे माने जाते हैं। तरबूज में लाइकोपिन, ऑक्सीडेंट और कई विटामिन पाए जाते हैं। इससे मधुमेह, डिप्रेशन, पेट के रोगों से निजात मिलती है, जबकि खरबूज में एंटी-ऑक्सीडेंट और कई विटामिन पाए जाते हैं। खरबूजा दिल और कैंसर की बीमारी मे फायदा करता है।
इसके अलावा ककड़ी और खीरा आपको डीहाइड्रेशन से बचाता है और टॉक्सिंस को शरीर से बाहर करता है। ये शरीर को ठंडक भी पहुंचाते हैं। खीरा और ककड़ी में कई पोषक तत्व होते हैं। जो शुगर, कब्ज़, बदहजमी, अल्सर और पेट दर्द सहित कई बीमारी में फायदा करता है। दून में उत्तर प्रदेश और दिल्ली की मंडियों से फल आ रहे हैं। रोजाना शहर में करीब 200 कुंतल खरबूजा और 100 कुंतल तरबूज पहुंच रहा है। हालांकि, अभी इनके दाम 40 से 60 रुपये प्रति किलो हैं, लेकिन आवक बढ़ने के साथ दामों में गिरावट आ सकती है। इस बार फलों का उत्पादन अच्छा बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- घातक हो सकते हैं आपके खर्राटे, जानिए क्या कहते हैं डॉक्टर
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें