Kedarnath Disaster: 14 हजार फीट की ऊंचाई पर नर कंकालों की तलाश जारी, सात साल पहले लापता हुए थे तीन हजार लोग
Kedarnath Disaster आपदा में लापता लोगों के कंकाल खोजने के लिए पुलिस टीम ने तीसरे दिन भी अभियान जारी रखा। शुक्रवार को चौदह हजार फीट की ऊंचाई पर सर्च अभियान चलाया गया>
रुद्रप्रयाग, देहरादून। Kedarnath Disaster केदारनाथ आपदा में लापता लोगों के कंकाल खोजने के लिए पुलिस टीम ने तीसरे दिन भी अभियान जारी रखा। चौदह हजार फीट की ऊंचाई पर शुक्रवार को सर्च अभियान चलाया गया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिल सकी। टीम सात साल पहले लापता हुए तीन हजार से अधिक नर कंकालों को खोजने में जुटी हुई है।
न्यायालय के निर्देश पर यह चार दिवसीय सर्च अभियान इन दिनों केदारनाथ से जुड़े विभिन्न ट्रैक रूटों पर चलाया जा रहा है। नर कंकालों की खोजबीन के लिए पुलिस की 10 टीमें सर्च अभियान चला रही है। पुलिस टीम ने बासुकीताल से ऊपर 14 हजार फीट की ऊंचाई पर सर्च अभियान चलाया, जबकि गरुडचट्टी के ठीक ऊपर 13 हजार फीट की ऊंचाई पर भी सर्च अभियान चलाया गया।
यह टीमें गौरीकुंड से केदारनाथ जिसमें वर्तमान पैदल मार्ग के आस-पास का क्षेत्र, गौरीकुंड से गोऊंमुखड़ा, गौरीकुंड से मुनकटिया का ऊपरी क्षेत्र होते हुए सोनप्रयाग, त्रियुगीनारायण से गरुड़चट्टी होते हुए केदारनाथ, कालीमठ से चौमासी होते हए रामबाड़ा, जंगलचट्टी का ऊपरी क्षेत्र, रामबाड़ा का ऊपरी क्षेत्र, केदारनाथ बेस कैंप का ऊपरी क्षेत्र और श्री केदारनाथ मंदिर के आसपास का क्षेत्र, केदारनाथ से चौराबाड़ी और आसपास का क्षेत्र व केदारनाथ से वासुकीताल ट्रैक में भी अभियान चलाया गया।
वहीं, पुलिस अधीक्षक नवीन भुल्लर ने बताया कि सर्च अभियान अभी जारी है। यह चार दिनों तक चलाया जाएगा। हालांकि, अभियान के तीसरे दिन भी कोई नर कंकाल नहीं मिला है।
जानिए कौन-कौन हैं टीम में शामिल
इस अभियान में पुलिस, एसडीआरएफ के 50 जवान और स्वास्थ्य विभाग के 10 फार्मसिस्ट समेत कुल 60 कार्मिक शामिल हुए हैं। गौरतलब है कि केदारनाथ आपदा में अभी तक 699 नर कंकाल बरामद किए गए हैं, जबकि अब भी तीन हजार से अधिक लोग लापता चल रहे हैं।