मुख्य हाईवे पर रही जाम की स्थिति
संवाद सूत्र डोईवाला अॅनलॉक होने के बाद राज्य में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों के वाहनों की आवाजाही फिर बढ़ने लगी है।
संवाद सूत्र, डोईवाला : अॅनलॉक होने के बाद राज्य में बाहरी राज्यों से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों के वाहनों की आवाजाही फिर बढ़ने लगी है। जिसके चलते रविवार को लच्छीवाला, डोईवाला, भानियावाला मुख्य मार्ग पर जाम की स्थिति रही। इसके चलते यात्रियों के साथ स्थानीय जनता को भी इससे परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, पुलिस को भी जाम खुलवाने के लिए सड़क पर उतरना पड़ा।
रविवार को भानियावाला, डोईवाला व हरिद्वार तिराहे मुख्य हाईवे पर जाम की स्थिति बनी रही। जिसके कारण छोटे-बड़े वाहन सड़कों पर रेंगते हुए आगे बढ़े। डोईवाला कोतवाली के वरिष्ठ उप निरीक्षक महावीर सिंह रावत ने बताया कि रविवार को सरकारी कार्यालयों व प्राइवेट संस्थानों में छुट्टी के बावजूद भी बाहर से आने-जाने वाहनों की अधिकता व मुख्य हाईवे में चल रहे निर्माण कार्य के चलते जाम की स्थिति पैदा हुई। दशहरा पर्व के कारण भी मुख्य मार्ग पर वाहनों की अधिकता दिखाई दी। हालांकि पुलिस ने किसी तरह यातायात को सुचारू बनाया रखा।