आइपीएस अपर्णा कुमार के दक्षिणी ध्रुव के अभियान पर डाक टिकट Dehradun News
आइपीएस अधिकारी अपर्णा कुमार के नाम एक उपलब्धि और जुड़ने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय पर्वतीय दिवस पर उनके इस अभियान पर डाक टिकट जारी किया जाएगा।
By Edited By: Published: Tue, 10 Dec 2019 08:35 PM (IST)Updated: Wed, 11 Dec 2019 04:09 PM (IST)
देहरादून, जेएनएन। दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाली प्रथम आइपीएस अधिकारी अपर्णा कुमार के नाम एक उपलब्धि और जुड़ने जा रही है। अंतरराष्ट्रीय पर्वतीय दिवस यानि आज उनके इस अभियान पर डाक टिकट जारी किया जाएगा। अपर्णा को इसी साल तेनजिंग नोर्गे नेशनल एडवेंचर अवॉर्ड भी मिल चुका है। वर्तमान में वह आइटीबीपी के देहरादून सेक्टर में बतौर डीआइजी तैनात हैं।
जून 2019 में अपर्णा कुमार उत्तरी अमेरिका महाद्वीप के अलास्का में स्थित सर्वोच्च चोटी माउंट डेनाली पर तिरंगा फतह करने के साथ ही वह सातों महाद्वीपों की सर्वोच्च चोटियों पर भारत का झडा लहराने वाली प्रथम पुलिस अधिकारी बनी थीं। 13 जनवरी 2019 को दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाली प्रथम आइपीएस अधिकारी होने का गौरव भी उन्हें ही प्राप्त है। उनका अगला लक्ष्य अप्रैल 2020 में उत्तरी ध्रुव में तिरंगा लहराकर एक्सक्लूसिव क्लब में प्रवेश करना है, इस कामयाबी के बाद वह इस क्लब में पहुंचने वाली पहली महिला सिविल सर्वेंट और आइपीएस अधिकारी बन जाएंगी। मूलत: आंध्र प्रदेश की रहने वाली अपर्णा कुमार उत्तर प्रदेश कैडर के 2002 बैच की आइपीएस अधिकारी हैं।
पर्वातारोहण का शौक उन्हें 2012 में लगा, जब वह 9वीं बटालियन पीएसी मुरादाबाद में पोस्टेड थीं। आइटीबी से पहले यही बटालियन चीन सीमा की निगहबानी करती थी। ऊंचे हिमशिखरों से जुड़ा इसका एक स्वर्णिम इतिहास रहा है। यहां पर्वतारोहण के उपकरण, विभिन्न अभियानों से जुड़े किस्से-कहानियां सुनकर अर्पणा की जिंदगी का रुख बदल गया। एक बार कदम बढ़ाए तो फिर पीछे मुड़कर ही नहीं देखा।
वह दक्षिण ध्रुव के साथ ही माउंट किलिमंजारो, कार्सटेंस पिरामिड, एकोनकागुआ, एल्बरस, विन्सन मैसिफ, एवरेस्ट व मनासू पर भी तिरंगा लहरा चुकी हैं। आज आइटीबीपी के सीमाद्वार परिसर में होने वाले एक कार्यक्रम में दक्षिण ध्रुव के उनके अभियान पर एक डाक टिकट जारी किया जाएगा।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें