Independence Day 2020: तिरंगा यात्रा से दिया देश प्रेम का संदेश, शहीदों को दी श्रद्धांजलि
Independence Day 2020 भाजपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल पर तिरंगा यात्रा निकालकर देश प्रेम का संदेश दिया। वहीं बलिदानियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई।
देहरादून, जेएनएन। Independence Day 2020 स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने साइकिल पर तिरंगा यात्रा निकाली। क्लेमेनटाउन से निरंजनपुर, पटेलनगर, सहारनपुर चौक, घंटाघर और राजपुर रोड होते हुए शहंशाही तक निकाली गई तिरंगा यात्रा के जरिए कार्यकर्ताओं ने शहरवासियों को देश प्रेम का संदेश दिया। वहीं, उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सदस्यों ने बलिदानियों को याद कर दीये और मोमबत्ती जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
पूरे प्रदेश में आजादी का जश्न सादगी के साथ मनाया जा रहा है। लोग एक-दूसरे को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दे रहे हैं। साथ ही देश की एकता और अखंडता का संकल्प ले रहे हैं। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने तिरंगा यात्रा निकाली। इस अवसर पर भाजपा नेता महेश पांडे ने कहा कि 15 अगस्त केवल छुट्टी तक सीमित ना रहे। यह स्वतंत्रता संग्राम में शामिल हजारों देश भक्तों और उनके त्याग और बलिदान को भी याद करने का दिन है।
कोरोना की वजह से स्वतंत्रता दिवस सादगी से मनाया जा रहा है। ऐसे में साइकिल के माध्यम से देशभक्ति के साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने और पर्यावरण की रक्षा का भी संदेश दिया गया। साइकिल के प्रयोग से ईंधन की खपत तो कम होगी ही साथ ही सड़कों पर वाहनों का दबाव भी कम होगा। तिरंगा यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने मास्क पहनकर शारीरिक दूरी का पालन किया । तिरंगा यात्रा में कैप्टन एसएस राठौर, त्रिभुवन जोशी, महावीर रावत, महेश सती, सतीश शर्मा, विशाल आदि शामिल रहे।
घरों में मोमबत्ती और दीये जलाकर दी शहीदों को श्रद्धांजलि
उत्तरांचल पंजाबी महासभा के सदस्यों ने शहीदों को याद कर दीये और मोमबत्ती जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
शुक्रवार को महासभा के प्रदेश महामंत्री हरीश नारंग ने बताया कि देश की आजादी में पंजाबी समाज के लोगों की भूमिका भी अहम थी। इस समाज के दस लाख लोगों ने अपना बलिदान दिया। इन्हीं बलिदानियों की याद में पंजाबी महासभा के कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर अपने घरों में मोमबत्ती और दीये जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि दी है।
विहिप और बजरंग दल ने मनाया अखंड भारत संकल्प दिवस
विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने देश की एकता का संकल्प लेते हुए अखंड भारत संकल्प दिवस मनाया। शुक्रवार को टर्नर रोड स्थित विश्व हिंदू परिषद गो रक्षा कार्यालय में कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए विहिप के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ. जय प्रकाश गर्ग ने कहा कि एकजुट होने से ही अयोध्या में श्रीराम मंदिर का सपना पूरा हुआ है।
गो रक्षा के प्रांत संगठन मंत्री सुंदर लाल सैनी और बजरंग दल विभाग संयोजक विकास वर्मा ने कहा कि देशभर में संकल्प दिवस मनाने का मुख्य उद्देश्य प्राचीन भारत के अखंड स्वरूप को दर्शाकर उसके सम्मान को विश्व में पुनस्र्थापित करना है। इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष दर्शन लाल, राजेंद्र राजपूत, नवीन गुप्ता, अनुज वर्मा, श्याम शर्मा, उमेश चांदना, शशांक घिल्डियाल, देवेंद्र पाल सिंह आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें: Swatantrata Ke Sarthi: कहीं नहीं मिला सहारा तो जिला विधिक सेवा प्राधिकरण बना मददगार