बाजार में भी चीन के खिलाफ आक्रोश, ग्राहकों ने चीनी उत्पाद खरीदने से किया इन्कार
पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन की सेना की नापाक हरकत से देहरादून में भी आक्रोश है। बुधवार को बाजार में भी इसका असर नजर आया।
देहरादून, जेएनएन। पूर्वी लद्दाख की गलवान घाटी में चीन की सेना की नापाक हरकत से देहरादून में भी आक्रोश है। बाजार में भी इसका असर नजर आया। सैनिकों का हौसला बढ़ाने और चीन के विरोध में ग्राहक जहां चीनी उत्पाद खरीदने से इन्कार करते दिखे। वहीं, व्यापारियों ने भी दुकान में चीनी उत्पादों की नो एंट्री का फैसला लिया है।
रायपुर रोड स्थित द हैंगर शोरूम के संचालक राहुल मखलोरा ने बताया कि लद्दाख में चीन की कायरतापूर्ण हरकत से हर किसी में रोष है। सैनिकों का हौसला बढ़ाने के लिए उन्होंने चीनी सामान की बिक्री पूरी तरह बंद कर दी है। ग्राहक भी चीनी सामान खरीदने में रुचि नहीं दिखा रहे। वहीं, राजपुर रोड स्थित प्रेगो कलेक्शन स्टोर के संचालक कमल रत्न और अंकित जुयाल ने बताया कि कुछ समय पहले सीमा पर चीनी सैनिकों की नापाक हरकतें शुरू होने के साथ ही उन्होंने चीनी उत्पादों का बहिष्कार कर दिया था।
कमल और अंकित ने फैसला किया है कि भविष्य में कभी भी चीनी सामान की बिक्री नहीं करेंगे। इंदिरा मार्केट स्थित न्यू फैशन कलेक्शन के मालिक अमन बिष्ट ने बताया कि ग्राहकों ने चीनी सामान खरीदना बहुत कम कर दिया है। उन्होंने भी चीन का सामान मंगाना बंद कर दिया है।
इंदिरा मार्केट में खरीदारी करने पहुंचे बसंत बाबू शर्मा भी सीमा पर चीन की घटिया हरकत से बेहद नाराज हैं। उन्होंने कहा कि जो देश हमारी सेना पर प्रहार कर रहा है, उसके द्वारा निर्मित सामान का बहिष्कार करना जरूरी है। उन्होंने कहा कि अब वह कभी भी चीनी उत्पादों का इस्तेमाल नहीं करेंगे। दिलाराम बाजार में कपड़े खरीदने पहुंचे सोनू राजपूत ने कहा कि चीन हमेशा से भारत को आंखें दिखाता रहा है। भारतीय सेना बॉर्डर पर अपना काम कर रही है। हमें भी सैनिकों का हौसला बढ़ाने के लिए चीनी उत्पादों का बहिष्कार कर अपना कर्तव्य निभाना चाहिए।
व्यापारी करेंगे चीनी उत्पादों का बहिष्कार
भारतीय सैनिकों की शहादत पर प्रदेशभर के व्यापारियों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही चीन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त करते हुए चीनी उत्पादों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करने का निर्णय लिया। प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के प्रदेश अध्यक्ष नवीन चंद वर्मा ने कहा कि सभी व्यापारी चीनी उत्पादों का पूर्ण रूप से बहिष्कार करें, ताकि हमारे सैनिकों का मनोबल बढ़े। उन्होंने कहा कि क्या हुआ अगर हम बार्डर पर बंदूक उठाकर नहीं लड़ सकते, हम दुश्मन देश से आई हुई वस्तुओं का बहिष्कार तो कर सकते हैं। यह हमारी अपने वीरों को सच्ची श्रद्धाजंलि होगी।
इस मौके पर संगठन के प्रदेश महामंत्री प्रकाश चंद मिश्र, संयुक्त महामंत्री राजेश अग्रवाल आदि मौजूद रहे। दून उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष विपिन नागलिया ने कहा कि दून उद्योग व्यापार मंडल भी अन्य व्यापारिक संगठनों की तरह प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल का सदस्य है। इसलिए दून के व्यापारी भी चीनी वस्तुओं का बहिष्कार करेंगे। चीन हमारा दुश्मन है।
दुश्मन देश की वस्तुओं का हर स्तर पर बहिष्कार होना चाहिए। दून वैली उद्योग महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि व्यापारी चीनी वस्तुओं के बहिष्कार को लेकर पूर्ण रूप से समर्थन में हैं। देश के शहीद वीर सैनिकों की शहादत बेकार नहीं जानी चाहिए, चीन की वस्तुओं का बहिष्कार होना ही चाहिए।