Move to Jagran APP

देहरादून रेलवे स्टेशन पर 74 लोगों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

चिकित्साधिकारी दीपक सक्सेना चीफ फार्मासिस्ट केसी सिलोरी ने स्टेशन परिसर में 74 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ स्वास्थ्य की जांच की। सभी स्वास्थ्य पाए गए।

By Sunil NegiEdited By: Published: Thu, 30 Apr 2020 09:48 AM (IST)Updated: Thu, 30 Apr 2020 09:48 AM (IST)
देहरादून रेलवे स्टेशन पर 74 लोगों का किया स्वास्थ्य परीक्षण
देहरादून रेलवे स्टेशन पर 74 लोगों का किया स्वास्थ्य परीक्षण

देहरादून, जेएनएन। कोविड-19 की रोकथाम के लिए उत्तर रेलवे मुरादाबाद मंडल देहरादून के चिकित्सा अधिकारी ने स्टेशन के आसपास रहने वाले मजदूरों, कुलियों, रेलवे कर्मियों के साथ जीआरपी व आरपीएफ कर्मचारियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया।

loksabha election banner

चिकित्साधिकारी दीपक सक्सेना, चीफ फार्मासिस्ट केसी सिलोरी ने स्टेशन परिसर में 74 लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग करने के साथ स्वास्थ्य की जांच की। सभी स्वास्थ्य पाए गए। डॉ. दीपक सक्सेना ने आरपीएफ व जीआरपी पुलिस को सोशल डिस्टेंसिंग रखकर बीमारी से बचाव के दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य वाणिज्य निरीक्षक एसके अग्रवाल भी मौजूद रहे। 

उधर, रेलवे स्टेशन पर फंसे कुलियों को टीटीई स्टाफ ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राशन किट उपलब्ध कराई। इसके अलाव जीआरपी के सहयोग से पीडब्ल्यूआइ राकेश नौटियाल ने 240 जरूरतमंद व असहाय लोगों को भोजन उपलब्ध कराया।

फेस कवर बनाने में जुटीं महिलाएं

भाजपा की महिला कार्यकर्ता जरूरतमंदों और कोरोना के खिलाफ जंग में जुटे कार्मिकों के लिए सुरक्षा उपकरण तैयार करने में जुटी हैं। आंबेडकर नगर मंडल महिला मोर्चा भी फेस कवर तैयार कर रहा है। महिला कार्यकर्ताओं ने 10 हजार फेस कवर तैयार करने का लक्ष्य रखा है। मंडल की महिला मोर्चा अध्यक्ष विमला गौड़ ने बताया कि मंडल तमाम कार्यकर्ता फेस कवर बनाने का काम कर रही हैं। भाजपा महानगर के अध्यक्ष सीताराम भट्ट ने महिला कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने अर्चना गुप्ता, किरण सुंदरियाल, प्रवीण शर्मा, नंदी आर्य, सोनी त्रिपाठी, अमृता अग्रवाल, शारदा कोहली, मीनू खरबंदा आदि के प्रयासों को सराहा।

पेयजल निगम कर्मियों ने राहत कोष में दिए 21 लाख

कोरोना वायरस के खिलाफ जंग में पेयजल निगम के कार्मिकों ने भी सहयोग का हाथ बढ़ाया है। कार्मिकों ने अपना एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में जमा कराया है, जो कुल 21,44,962 रुपये है। उत्तराखंड पेयजल संसाधन विकास एवं निर्माण निगम की ओर से निगम के कार्मिकों ने अपने एक दिन का वेतन मुख्यमंत्री राहत कोष में प्रदान कर दिया है। प्रबंध निदेशक भजन सिंह ने इस बाबत सभी कार्मिकों से अपील की थी। जिस पर कार्मिकों ने करीब साढ़े 21 लाख रुपये धनराशि एकत्रित कर राहत कोष में जमा कराई।

मुख्यमंत्री राहत कोष में दिए 50 हजार रुपये: पूर्व सैनिक भी सरकार के साथ कोरोना की जंग में कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं। रिटायर्ड कैप्टन हरिप्रसाद पुरोहित ने सीएम राहत कोष में 50 हजार रुपये का योगदान दिया है। भाजयुमो कार्यकर्ता राजेश रावत ने बताया कि प्रेमनगर क्षेत्र के कई पूर्व सैनिक कोरोना महामारी के दौरान सहयोग को आगे आ रहे हैं।

जरूरतमदों को बांटे सेनिटाइजर व मास्क

महानगर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अध्यक्ष लालचंद शर्मा के नेतृत्व में वार्ड नंबर 42 में जरूरतमंदों को सेनिटाइजर, मास्क व खाना बांटा। उन्होंने कहा कि इस संकट के दौर में आज प्रदेश सरकार कहीं कुछ करती हुई दिखाई नहीं दे रही है। आज पूरे प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं द्वारा अपने निजी संसाधनों से जरूरतमंदों की मदद की जा रही है। इस दौरान केवल सिंह पुंडीर, रमन पुंडीर व अन्य मौजूद रहे।

भाजपा महिला मोर्चा ने बांटे मास्क व सेनिटाइजर

भाजपा महिला मोर्चा ने स्वयं बनाए 500 से अधिक मास्क एवं सेनिटाइजर सफाई कर्मियों व अधिकारियों को वितरित किए। भगत सिंह चौक पर भाजपा महिला मोर्चा अध्यक्ष मीरा सुयाल तथा अन्य पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने भाजपा मंडल अध्यक्ष मोहन पेटवाल के नेतृत्व में नगर पालिका अधिशासी अधिकारी आशुतोष सती, स्वास्थ्य निरीक्षक वीरेंद्र सिंह बिष्ट तथा कीन संस्था के सफाई कर्मियों को उक्त मास्क एवं सेनिटाइजर प्रदान किए गए। 

निरंतर जारी है राहत बांटने का सिलसिला

लॉकडाउन में जरूरतमंद लोगों व निराश्रित पशुओं को राहत बांटने का सिलसिला जारी है। प्रशासन विभिन्न संगठनों के सहयोग से इस काम को बखूबी अंजाम दे रहा है। बुधवार को जिला प्रशासन की टीम ने 6693 लोगों को भोजन के पैकेट बांटे। वहीं, जिन लोगों के पास भोजन पकाने का इंतजाम है, ऐसे 2415 परिवारों/लोगों को राशन की अन्नपूर्णा किट बांटी गई। इसी प्रयास का नतीजा है कि अब कंट्रोल रूम में भोजन व राशन के लिए की जाने वाली कॉल का ग्राफ कम होने लगा है। बुधवार को कुल प्राप्त 111 कॉल में से 12 कॉल ही भोजन/राशन से संबंधित थी। इसके अलावा 2366 निराश्रित पशुओं को भी चारा व आहार दिया गया।

सीएम राहत कोष में जमा कराई धनराशि

कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए विभिन्न संगठनों के साथ ही हाउसिंग सोसायटी भी सरकार के साथ खड़ी हैं। रेसीडेंट वेलफेयर सोसायटी एमडीडीए कॉलोनी आइएसबीटी ने भी कॉलोनी के लोगों ने धनराशि एकत्र कर सीएम राहत कोष में 40860 रुपये जमा कराए हैं। आरडब्ल्यूए के अध्यक्ष गौरव तिवारी ने बताया कि धनराशि एकत्र करने में सचिव राजेश गिरी, एडवोकेट विनोद कुमार, उमेश भट्ट, देवी पुरोहित, किशन राणा, राजेंद्र सजवाण का भी येागदान रहा।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: पॉजिटिव महिला के बच्चों समेत आठ आइसोलेट, ग्रामीणों को क्वारंटाइन खत्म होने का इंतजार

व्यापार मंडल ने बांटी खाद्य सामग्री की किट

महापौर सुनील उनियाल गामा ने महानगर उद्योग व्यापार मंडल के सहयोग से जरूरतमंदों को खाद्य सामग्री की किट बांटी। व्यापार मंडल के अध्यक्ष पंकज मैसोन ने कहा कि इस आपदा की घड़ी में आगे भी व्यापार मंडल हर संभव मदद करेगा। उन्होंने अन्य सामाजिक संगठनों से भी आग्रह किया कि वह भी बढ़-चढ़कर इस मुहिम में सहयोग करे। उधर, पूर्व पार्षद जीवन सिंह व अन्य लोगों ने करनपुर बस्ती में राशन की किट वितरित की।

यह भी पढ़ें: Coronavirus: कोविड-19 के इलाज को मानकों के अनुरूप सुरक्षित नहीं उत्तरकाशी का जिला अस्पताल


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.