Hariyali Teej 2020: इस बार सादगी से मनेगी हरियाली तीज, 23 जुलाई से शुरू होगा त्योहार
Hariyali Teej 2020 इस बार दून में तीज सादगी से मनाई जाएगी। कुछ संगठनों ने कार्यक्रम को ऑनलाइन तो कुछ ने सीमित मौजूदगी में ही त्योहार मनाने का फैसला किया है।
देहरादून, जेएनएन। Hariyali Teej 2020 कोरोना वायरस संक्रमण के चलते इस बार दून में तीज सादगी से मनाई जाएगी। कुछ संगठनों ने कार्यक्रम को ऑनलाइन तो कुछ ने सीमित मौजूदगी में ही त्योहार मनाने का फैसला किया है। बता दें कि दून में हर साल तीजोत्सव भव्य रूप से मनाया जाता है। पर्व शुरू होने के साथ ही विभिन्न संगठन गायन, नृत्य और अन्य प्रतियोगिता आयोजित करते हैं, जिसमें महिलाओं को एक मंच पर प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका मिलता है। पर इस बार 23 जुलाई से शुरू हो रहा तीजोत्सव सादगी से मनाया जाएगा।
बोली महिलाएं
दून संस्कृति की अध्यक्ष रमा गोयल का कहना है कि हर बार की तरह इस बार भी महिलाएं तीज कार्यक्रम मनाने के लिए उत्साहित थीं। लेकिन जिस तरह की परिस्थिति है, उसे देखते हुए कार्यक्रम को सादगी से मनाने पर विचार किया जा रहा है।
देहरादून लेडीज क्ल्ब के अध्यक्ष डेजी मित्तल ने बताया कि कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए इस बार क्लब तीज कार्यक्रम नहीं मनाएगा। इस बारे में महिलाओं को सूचित कर दिया है कि अगले साल ही इसे उत्साह के साथ मनाएंगे।
वहीं, उत्तरांचल महिला एसोसिएशन की अध्यक्ष साधना शर्मा का कहना है कि तीज पर्व का महिलाएं पूरे वर्ष इंतजार करती हैं। इसलिए उनके लिए विभिन्न ऑनलाइन प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं, जिनका परिणाम 23 जुलाई को जारी किया जाएगा। इसके साथ ही महिला जैन मिलन एकता की अध्यक्ष बीना जोशी कहती हैं कि वर्तमान के हालात को देखते हुए फिलहाल तीज सादगी से मनाएंगे। इस पर बैठक कर सदस्यों से आपसी सहमति ली जाएगी। कोरोना संक्रमण को देखते हुए कम से कम लोग इस कार्यक्रम में शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: Kedarnath Dham: सात साल में निखरा केदारपुरी का रंग-रूप, ये निर्माण कार्य होने अभी बाकी