Guru Ravidas Jayanti 2021: महापौर बोले, सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने वाले संत हैं रविदास
Guru Ravidas Jayanti 2021 करीब 600 साल पहले भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का काम संत रविदास ने किया था ऐसे व्यक्तित्व जिस भी काल में आते हैं वह काल उनके किए कार्यों से स्वर्णिम इतिहास का हिस्सा बन जाता है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। Guru Ravidas Jayanti 2021 करीब 600 साल पहले भक्ति आंदोलन के माध्यम से समाज के सभी वर्गों को एक सूत्र में पिरोने का काम संत रविदास ने किया था, ऐसे व्यक्तित्व जिस भी काल में आते हैं, वह काल उनके किए कार्यों से स्वर्णिम इतिहास का हिस्सा बन जाता है। यह बातें महापौर सुनील उनियाल गामा ने रविदास जयंती पर कहीं।
डॉक्टर भीमराव अंबेडकर सेवा समिति की ओर से ब्रह्मपुरी में संत रविदास के 644वें जन्मोत्सव पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि महापौर सुनील उनियाल गामा ने कहा कि संत रविदास का जीवन अनुकरणीय है, क्योंकि उन्होंने अपने काल में समाज में व्याप्त छुआ छूत जैसी बुराइयों के खिलाफ आवाज उठाई। विशिष्ट अतिथि धर्मपुर विधायक विनोद चमोली ने संत रविदास से जुड़ी घटनाओं पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि संत रविदास अपने कालखंड में समाज में आडंबर से टकराए, उन्हें बहुत कुछ सहना भी पड़ा, लेकिन आने वाला इतिहास युगों तक उसे याद रखता है। भाजपा महानगर मीडिया प्रभारी राजीव उनियाल ने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलने का आह्वान किया। पार्षद सतीश कश्यप ने इस अवसर पर महापौर और विधायक से ब्रह्मपुरी में आंबेडकर भवन बनाने की अपील की। तत्काल स्वीकृति प्रदान कर दी गई।
इसके साथ ही बताया कि यह छठ पार्क से अलग भूमि पर बनाया जाएगा। जिसके लिए नगर निगम शीघ्र ही प्रस्ताव लाएगा। इसके बाद महापौर ने छठ पार्क का भी निरीक्षण किया। कार्यक्रम में शिव नारायण तिवारी, हरवीर सिंह यादव, मुकेश चौहान, विनोद गुप्ता, विजय कुमार, योगेंद्र सिंह गुड्डू, विजयपाल, राजाराम, दयाराम, विद्या देवी, निधि राणा, कमला देवी, ओमवती आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें- ऋषिकेश में हर्षोल्लास से मनाया गया संत रविदास का जन्मदिवस
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें