देवप्रयाग से महासागर तक जाने वाली गंगा आमंत्रण यात्रा का भव्य स्गावत Dehradun News
नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत देवप्रयाग से महासागर तक जाने वाली गंगा आमंत्रण यात्रा का मुनिकीरेती शत्रुघ्न घाट पर स्वागत किया गया।
ऋषिकेश, जेएनएन। नमामि गंगे अभियान के अंतर्गत देवप्रयाग से महासागर तक जाने वाली गंगा आमंत्रण यात्रा का मुनिकीरेती शत्रुघ्न घाट पर स्वागत किया गया। यात्री दल में शिवपुरी से ऋषिकेश तक केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और उत्तराखंड के उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत भी शामिल हुए।
शत्रुघन घाट पर विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, कृषि मंत्री सुबोध उनियाल आदि ने यात्री दल का स्वागत किया। इस अवसर पर केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गंगा को स्वच्छ व निर्मल बनाए जाने के लिए गंभीरता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी के चलते अभियान का शुभारंभ किया गया है।
उन्होंने कहा कि गंगा को स्वच्छ निर्मल बनाने के लिए लोगों की जन सहभागिता भी आवश्यक है। केंद्र का जल शक्ति मंत्रालय इस दिशा में तीव्र गति से कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को देवप्रयाग से यात्रा शुरू हुई 34 दिन की इस यात्रा का समापन गंगा महासागर में होगा। शत्रुघ्न घाट पर सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
अभियान दल में केंद्रीय मंत्री की पुत्री सुहासिनी शेखावत भी शामिल है जो कोलकाता तक इस यात्रा को पूर्ण करेगी। इस अवसर नमामि गंगे से जुड़े संजय शास्त्री, सरोज डिमरी ,नगरपालिका मुनिकेरेती के अध्यक्ष रोशन रतूड़ी, पूर्व अध्यक्ष मनोज द्विवेदी, जल संस्थान की महाप्रबंधक नीलिमा गर्ग, नमामि गंगे के परियोजना निदेशक संदीप कश्यप, आरके रस्तोगी, प्रदीप भट्ट, तेजपाल सिंह नेगी, एके चतुर्वेदी, मनोज कुमार, विनोद कुकरेती उपस्थित थे।
इको टूरिज्म को बढ़ावा मिले
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र ङ्क्षसह शेखावत से रायवाला क्षेत्र के प्रतीतनगर गौहरीमाफी एवं रायवाला ग्राम सभा के संपूर्ण क्षेत्र को नमामि गंगे प्रोजेक्ट में शामिल करने, गंगा को स्वच्छ रखने के लिए रायवाला गांव में नमामि गंगे के तहत अपशिष्ट प्रबंधन प्लांट लगाने के लिए स्वीकृति प्रदान करने, रायवाला क्षेत्र के गंगा नदी के तटों पर घाटों का निर्माण कार्य एवं सौंदर्यीकरण कार्य कर पर्यटन एवं रोजगार उपलब्ध कराने सहित नमामि गंगे के तहत इको टूरिज्म को बढ़ावा देने की मांग की।
मंत्री धन सिंह की राफ्ट पलटी
देवप्रयाग से कोलकाता महासागर तक गंगा स्वच्छता के लिए निकलने वाली यात्रा में केंद्रीय मंत्री के साथ उत्तराखंड के उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत शिवपुरी से शामिल हुए। दोनों अलग-अलग राफ्ट में सवार थे। गंगा की लहरों में रोमांच के इस सफर में केंद्र और राज्य के मंत्रियों को साहसिक पर्यटन का भरपूर आनंद मिला।
यह भी पढ़ें: गंगा की अविरलता को लेकर जिम्मेदार बनें राज्य: गोविंदाचार्य
शिवपुरी से आगे गंगा में कई रैपिड है। ऐसे ही रैपिड में उच्च शिक्षा राज्यमंत्री धन सिंह रावत की राफ्ट पलट गई। इनके साथ एसडीआरएफ और जल पुलिस की टीम भी चल रही थी। उन्होंने राफ्ट को सीधा किया और मंत्री को फिर से राफ्ट में बैठाया। मुनिकीरेती शत्रुघ्न घाट पर साहसिक पर्यटन का जिक्र करते हुए कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने इस घटना का जिक्र भी किया।
यह भी पढ़ें: गंगा आमंत्रण यात्रा देवप्रयाग से गंगासागर के लिए रवाना, पढ़िए पूरी खबर