पुरानी पेंशन बहाली को कर्मचारियों ने देशभर में रोपे पौधे
पुरानी पेंशन बहाली के लिए रविवार को उत्तराखंड के सभी जिलों से लेकर देश भर में पौधारोपण अभियान चलाया गया।
जागरण संवाददाता, देहरादून: पुरानी पेंशन बहाली के लिए रविवार को उत्तराखंड के सभी जिलों से लेकर देश भर में पौधारोपण अभियान चलाया गया। राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के बैनर के साथ कर्मचारियों ने अपने घरों के आसपास पौधे लगाए और उनकी देखभाल का संकल्प लिया।
राष्ट्रीय पुरानी पेंशन बहाली संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने कहा कि अभियान में सभी एनपीएस कर्मचारी, शिक्षक, अधिकारी, बैंक, पुलिस, रेलवे कर्मी से लेकर पैरामिलिट्री के जवान तक शामिल हुए। इसका उद्देश्य पुरानी पेंशन बहाली की आवाज को सरकार तक पहुंचाना है। उन्होंने दावा किया कि देश के 60 लाख एनपीएस कर्मचारियों ने कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पुरानी पेंशन बहाली की आवाज को पौधारोपण के बाद फेसबुक और ट्विटर के जरिये केंद्र व राज्य सरकारों तक संदेश पहुंचाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि एक तरफ सासंद विधायकों को मात्र एक दिन के कार्यकाल में भी पुरानी पेंशन का लाभ दिया जाता है और सरकारी सेवक जो अपने जीवन के तीस से 40 साल देश की सेवा में समíपत करता है, उसको एनपीएस जैसी बाजार आधारित योजना पर निर्भर रखा जाता है, यह चिंताजनक है। एनपीएस सिस्टम का हम सभी विरोध करते हैं।
अभियान में उत्तराखंड से अनिल बडोनी, सीताराम पोखरियाल, मिलिंद बिष्ट, दिल्ली से डॉ.अनिल स्वदेशी, उत्तर प्रदेश से प्रदीप सरल, क्राति सिंह, छत्तीसगढ़ से संजय शर्मा, वीरेंद्र दुबे, पंजाब से जसबीर सिंह तलवाड़ा, सरदार जरनैल सिंह पट्टी, मध्य प्रदेश से जगदीश यादव व अन्य शामिल हुए। फलदार व औषधीय पौधे लगाए
मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बीपी सिंह रावत ने बताया कि अभियान के दौरान आम, अमरुद, आंवला और औषधीय पौधों में नीम व अशोक के पौधे लगाए गए है। संगठन का उद्देश्य है कि हम जो पौधे लगाएं, उनका आने वाले में समय में लोग उपयोग कर सकें और पर्यावरण को भी फायदा मिले।