सरकारी कार्यालयों में मानकों का नहीं हो रहा अनुपालन
लॉकडाउन में शासन ने सभी सरकारी कार्यालयों को खोलने के लिए मानक तय किए हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: लॉकडाउन में शासन ने सभी सरकारी कार्यालयों को खोलने के लिए मानक तय किए हैं। इसके तहत 50 फीसद कर्मचारियों के साथ ही उन्हें सेनिटाइजर, मास्क उपलब्ध कराने व कार्यालयों के सेनिटाइजेशन की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। बावजूद इसके कई कार्यालयों में इसका पूरी तरह अनुपालन नहीं हो रहा है। यहा 50 फीसद से अधिक कर्मचारी बुलाए जा रहे हैं। यहा तक कि सचिवालय के कई अनुभागों में भी सौ प्रतिशत कर्मचारी आ रहे हैं। ऐसे में अब सामान्य प्रशासन विभाग ने सभी कार्यालयों को लॉकडाउन के तय मानकों के अनुसार ही कार्यालयों को खोलने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रदेश सरकार ने लॉकडाउन तीन में सभी सरकारी कार्यालयों को खोलने का निर्णय लिया था। इसके तहत ऑरेंज जोन में 50 प्रतिशत और रेड जोन में 33 प्रतिशत कर्मचारियों के साथ कार्यालय खोलने के निर्देश दिए गए थे। कर्मचारियों को कैसे बुलाया जाए इसकी व्यवस्था विभागाध्यक्षों को तय करनी है। सचिवालय में यह व्यवस्था अनुभाग अधिकारियों द्वारा तय की जानी है। इसके अलावा विभागों को पूरी तरह सेनिटाइज करने, विभागीय कार्यालयों व परिसर में सफाई करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकारी कार्यालयों में सेनिटाइजेशन व अन्य कार्य तो हो रहे हैं लेकिन कर्मचारियों की उपस्थिति के मानकों का पूरी तरह अनुपालन नहीं हो पा रहा है। शासन द्वारा पूर्व में जारी आदेश 17 मई तक के लिए थे। लॉकडाउन की समय सीमा बढ़ने के बाद अब शासन ने इस आदेश को 31 मई तक के लिए बढ़ा दिया है। प्रभारी सचिव डॉ. पंकज कुमार पाडेय द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि पूर्व में जारी आदेशों का अनुपालन करना सुनिश्चित किया जाए।