पूर्व सीएम तिवारी, रस्किन बांड, अनिल जोशी समेत पांच को 'उत्तराखंड गौरव सम्मान'
राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सरकार ने उत्तराखंड गौरव सम्मान की घोषणा की। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री स्व नारायण दत्त तिवारी (मरणोपरांत) पर्यावरणविद् डा अनिल जोशी साहित्याकार रस्किन बांड बछेंद्री पाल और नरेंद्र सिंह नेगी के नाम हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को सरकार ने 'उत्तराखंड गौरव सम्मान-2021' की घोषणा कर दी। पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी (मरणोपरांत), प्रसिद्ध लेखक रस्किन बांड, पर्यावरणविद् डा अनिल प्रकाश जोशी, प्रसिद्ध लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी और पर्वतारोही बछेंद्री पाल को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने हाल में राज्य स्थापना दिवस को 'उत्तराखंड महोत्सव' के रूप में मनाने की घोषणा की थी। महोत्सव के तहत गांव से लेकर राजधानी तक सप्ताहभर विभिन्न कार्यक्रम होंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के निर्देश पर पांच विभूतियों को 'उत्तराखंड गौरव सम्मान' प्रदान के मद्देनजर चयन समिति गठित की गई थी। समिति की संस्तुतियों के आधार पर इस सम्मान के लिए सोमवार को नामों की घोषणा कर दी गई।
उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री पंडित नारायण दत्त तिवारी को मरणोपरांत यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। प्रदेश के विकास में पंडित तिवारी के योगदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया जा रहा है।
यह भी पढ़ें:- जानें- कौन हैं योगी ऐरन, जो 84 साल की उम्र में भी दूसरों की सेवा के लिए बने हैं 'युवा'; गजब का है जज्बा
प्रसिद्ध लेखक रस्किन बांड को साहित्य, पद्मभूषण डा अनिल प्रकाश जोशी को पर्यावरण, पर्वतारोही बछेंद्री पाल को साहसिक खेल और लोकगायक नरेंद्र सिंह नेगी को संस्कृति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस सम्मान के लिए चयनित किया गया है। गौरतलब है कि पर्यावरणविद् डा जोशी को सोमवार को ही दिल्ली में पद्मभूषण से नवाजा गया था।
उधर, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि उत्तराखंड महोत्सव के अंतर्गत प्रतिवर्ष पांच व्यक्तियों को दिया जाने वाला उत्तराखंड गौरव सम्मान, विभिन्न क्षेत्रों में राज्य को पहचान दिलाने वालों का सम्मान है। यह सम्मान प्रेरणा का कार्य भी करेगा।
यह भी पढ़ें:- जानिए मैती आंदोलन के प्रणेता कल्याण सिंह रावत के बारे में, आज नवाजा गया पद्मश्री सम्मान से