पांच सूत्रीय मांगों को लेकर जनरल-ओबीसी एसोसिएशन ने दी आंदोलन की चेतावनी
सीधी भर्ती के लिए जारी नवीन रोस्टर को वापस लेने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने एक बार फिर आंदोलन की चेतावनी दी है।
देहरादून, जेएनएन। सीधी भर्ती के लिए जारी नवीन रोस्टर को वापस लेने, विभागों में पदोन्नतियां न होने समेत पांच सूत्रीय मांगों को लेकर उत्तराखंड जनरल ओबीसी इंप्लाइज एसोसिएशन ने एक बार फिर आंदोलन की चेतावनी दी है। एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री को भेजे ज्ञापन में कहा कि पदोन्नति को लेकर विभागों के लचर रुख से कर्मचारियों को मानसिक पीड़ा हो रही है।
एसोसिएशन के प्रांतीय अध्यक्ष दीपक जोशी ने कहा कि सीधी भर्ती के नवीन रोस्टर को वापस लेकर पुरानी व्यवस्था बहाल की जाए। आदेश के बाद भी कई विभाग अपने यहां पदोन्नति नहीं कर रहे हैं, जबकि कई कर्मचारी आने वाले महीनों में सेवानिवृत्त हो जाएंगे। ऐसे में विलंब से उन्हें काफी आहत होना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी संकट को लेकर की जा रही एक दिन के वेतन की कटौती को स्वैच्छिक किया जाए। वहीं, कई विभागों में कार्मिकों को वेतन नहीं मिल रहा है, ऐसे विभागों में तत्काल वेतन जारी किया जाए।
प्रांतीय महामंत्री वीरेंद्र सिंह गुसाईं ने कहा कि प्रांतीय अध्यक्ष के खिलाफ चल रही जांच को तुरंत खत्म किया जाए। कुछ लोगों की ओर से यह भी अफवाह उड़ाई जा रही है कि दीपक जोशी की गिरफ्तारी होगी। संगठन की ओर से चेतावनी दी जाती है कि ऐसा कोई भी कदम पूरे कर्मचारी वर्ग का अपमान होगा।
गरीब सवर्णो का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं
अखिल भारतीय समानता मंच की ऑनलाइन बैठक में चिललगांव द्वाराहाट में गरीब सवर्णों पर दर्ज एससी-एसटी एक्ट के मामले की उच्चस्तरीय जांच की मांग की गई। प्रांतीय अध्यक्ष श्याम लाल बिंजोला ने कहा कि जाति के आधार पर गठित कुछ संगठन विवाद को अनावश्यक बड़ा कर रहे हैं। बैठक में प्रांतीय प्रवक्ता वीके धस्माना, महासचिव जेपी कुकरेती आदि शामिल हुए।
पदोन्नति सूची जारी होने पर आंदोलन किया खत्म
शिक्षा महानिदेशालय के अनुमोदन के बाद विभाग में प्रशासनिक अधिकारी पद से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पद पर कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी हो गई है। इसी के साथ मिनिस्टीरियल कर्मचारियों ने अपना आंदोलन भी खत्म कर दिया है।
पदोन्नति सूची जारी करने के लिए कर्मचारियों ने शिक्षा महानिदेशक, निदेशक, अपर निदेशक समेत दूसरे अधिकारियों का आभार जताया। एजुकेशन मिनिस्टीरियल ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष रघुबीर सिंह बिष्ट ने बताया कि शिक्षा विभाग ने प्रशासनिक अधिकारी से वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बने 100 कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी कर दी है।
यह भी पढ़ें: पदोन्नति को लेकर विभागों के अधिकारियों के घेराव की तैयारी में कर्मचारी
अभी वरिष्ठ सहायक से प्रधान सहायक बनने जा रहे 400 कर्मचारियों और प्रधान सहायक से प्रशासनिक अधिकारी बनने जा रहे 125 कर्मचारियों की पदोन्नति सूची जारी होना बाकी है। नियमानुसार दोनों पदोन्नति सूची 30 जून से पहले जारी होनी है। शिक्षा विभाग से बाकी कार्मिकों की पदोन्नति सूची भी जल्द जारी करने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: राज्य कर्मियों की चेतावनी, विभागों में 30 जून तक पदोन्नति नहीं तो होगा घेराव