नगर निगम ऋषिकेश की कूड़ा वाहन सेवा ठप, अस्थाई कर्मचारियों को नए ठेकेदार ने हटाया
नगर निगम ऋषिकेश में नए ठेकेदार के साथ अनुबंध होने के कारण यहां के 30 कूड़ा वाहनों में तैनात अस्थाई कर्मचारियों को ठेकेदार ने काम से हटा दिया है। एक वाहन में दो कर्मचारी तैनात हैं। मौके पर मौजूद इन कर्मचारियों ने इस कार्रवाई के खिलाफ हंगामा किया।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। नगर निगम ऋषिकेश में नए ठेकेदार के साथ अनुबंध होने के कारण यहां के 30 कूड़ा वाहनों में तैनात अस्थाई कर्मचारियों को ठेकेदार ने काम से हटा दिया है। एक वाहन में दो कर्मचारी तैनात हैं। मौके पर मौजूद इन कर्मचारियों ने इस कार्रवाई के खिलाफ हंगामा किया। अभी तक शहर में प्रतिदिन घर-घर कूड़ा उठाने के लिए कोई भी वाहन नहीं चला है। नगर आयुक्त ने इस मामले में सहायक नगर आयुक्त को तत्काल दोनों पक्षों से बातचीत के निर्देश दिए हैं।
नगर निगम में घर घर पूरा एकत्र करने के लिए 30 कूड़ा वाहन संचालित किए जा रहे हैं। अभी तक जिस एजेंसी के साथ नगर निगम का अनुबंध था वह समाप्त हो गया है। अब दूसरी एजेंसी को 10 फरवरी से यहां काम संभालने के लिए अधिकृत किया गया है। गुरुवार कि सुबह नगर निगम से विभिन्न वार्डों के लिए रवाना होने वाले कूड़ा वाहन नहीं चले। मौके पर मौजूद इन वाहनों के चालकों और सहायकों ने बताया कि नई एजेंसी के संचालक ने सभी की सेवाएं समाप्त कर नए कर्मियों को रखने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले से काम कर रहे इन कर्मचारियों का कहना है कि कोरोना काल में सभी ने नगर के भीतर स्वच्छता अभियान अवरुद्ध नहीं होने दिया। विभिन्न कंटेनमेंट जोन में सभी ने अपनी सेवाएं दी है। किसी के साथ भी कार्य को लेकर अब तक कोई शिकायत नहीं है, फिर किस कारण उनको काम से हटाया गया है। नगर निगम में यह सभी कर्मचारी ठेकेदार के इस कदम को लेकर हंगामा कर रहे हैं। इनका कहना है कि ठेकेदार सिर्फ 10 व्यक्तियों को काम पर लेने की बात कह रहा है।
नगर आयुक्त नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि कांटेक्ट पर कर्मचारी रखने वाली एजेंसी के लिए नई एजेंसी को काम दिया गया है। एजेंसी संचालक को बता दिया गया था कि सेवा शर्तों को पूरा करने वाले कर्मचारियों को ना हटाया जाए। एजेंसी को यह भी बताया गया था कि कार्य शुरू करने से पहले वह कर्मचारियों के साथ अधिकारियों की उपस्थिति में बैठक बुलाए। उन्होंने बताया कि वर्तमान में स्वच्छता सर्वेक्षण चल रहा है। नगर निगम के घरों से कूड़ा उठाने के कार्य को बाधित नहीं होने दिया जाएगा। इस मामले में सहायक नगर आयुक्त और सफाई निरीक्षक को दोनों पक्षों से बातचीत करने के लिए कहा गया है।
यह भी पढ़ें-देहरादून: संबद्धता समाप्त करने पर भड़के शिक्षक, किया प्रदर्शन
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें