Rashtriya Indian Military College: आरआइएमसी के पूर्व कैडेट्स ने 80 साल बाद दोहराया इतिहास
आरआइएमसी के पूर्व कैडेट्स ने 80 साल बाद इतिहास दोहरा कर एक बार फिर कॉलेज का नाम ऊंचा किया है। आरआइएमसी के तीन पूर्व छात्रों ने एनडीए की पासिंग आउट परेड में पहला दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर तीनों राष्ट्रपति पुरस्कारों पर कब्जा किया।
देहरादून, जेएनएन। राष्ट्रीय इंडियन मिलिट्री कॉलेज (आरआइएमसी) के पूर्व कैडेट्स ने 80 साल बाद इतिहास दोहरा कर एक बार फिर कॉलेज का नाम ऊंचा किया है। आरआइएमसी के तीन पूर्व छात्रों ने एनडीए की पासिंग आउट परेड में पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल कर तीनों राष्ट्रपति पुरस्कारों पर कब्जा किया। पूर्व छात्रों की इस उपलब्धि पर आरआइएमसी कमांडेंट कर्नल अजय कुमार समेत सभी शिक्षकों ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। कर्नल अजय कुमार ने बताया कि 80 साल पहले भी एनडीए की पीओपी में तीनों राष्ट्रपति पुरस्कार आरआइएमसी के छात्रों ने ही अपने नाम किए थे।
पुणे स्थित नेशनल डिफेंस एकेडमी की शनिवार को 139वीं पीओपी आयोजित हुई। परेड का निरीक्षण एयर चीफ मार्शल राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने किया। परेड में आरआइएमसी के पूर्व कैडेट्स अनिरुद्ध सिंह ने प्रेसिडेंट्स गोल्ड मेडल, सौम्या बड़ोला ने प्रेसिडेंट्स सिल्वर मेडल और अनमोल ने प्रेसिडेंट्स ब्रोंज मेडल हासिल किया। अनिरुद्ध सिंह ने सर्वश्रेष्ठ सेना कैडेट वर्ग में गोल्ड मेडल और चीफ ऑफ स्टॉफ ट्रोफी भी अपने नाम की।
वहीं, अनमोल ने सर्वश्रेष्ठ नेवल कैडेट वर्ग में गोल्ड, घुड़सवारी में सिल्वर और ड्रिल में सिल्वर मेडल भी अपने नाम किया। आरआइएमसी के ही पूर्व कैडेट अजय सिंह ने सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया। आरआइएमसी के पूर्वकैडेट अजय जोसेफ ने सेलिंग वर्ग में सिल्वर मेडल अपने नाम किया है।
आरआइएमसी कर्नल अजय कुमार ने कहा पूर्व कैडेट्स की मेहनत का ही नतीजा है कि तीनों राष्ट्रपति पुरस्कार अपने नाम कर अपने परिवार और आरआइएमसी का नाम ऊंचा किया है। इससे वर्तमान में कॉलेज में पढ़ाई कर रहे कैडेट्स को प्रेरणा मिलेगी।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में प्रशिक्षित स्कूली छात्रों को मिलेगा रोजगार, जानिए पूरी योजना