साहिया के मैगी प्वाइंट के पास ट्रक पलटने से सहारनपुर के पांच व्यक्ति घायल
शनिवार को जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर साहिया के मैगी प्वाइंट के पास ट्रक पलटने से गांधीनगर सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के पांच व्यक्ति घायल हो गए। राजस्व पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में भर्ती कराया।
जागरण संवाददाता, विकासनगर (देहरादून)। शनिवार को जौनसार बावर की लाइफ लाइन कालसी-चकराता मोटर मार्ग पर साहिया के मैगी प्वाइंट के पास ट्रक पलटने से गांधीनगर सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के पांच व्यक्ति घायल हो गए। राजस्व पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र साहिया में भर्ती कराया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद सभी को छुट्टी दे दी गई।
सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) से ट्रक में सामान भरकर पांच व्यक्ति साहिया पहुंचे थे, जहां से सामान खाली कर ट्रक शनिवार को जब वापस लौट रहा था तो साहिया के मैगी प्वाइंट के पास अचानक अनियंत्रित होकर ट्रक रोड पर पलट गया। गनीमत रही कि ट्रक खाई में नहीं गिरा, नहीं तो बड़ा हादसा हो जाता। हादसे में अनिल पुत्र धनप्रकाश, नितीश कुमार पुत्र प्रेमचंद, अजय सैनी पुत्र अमर सिंह, अर्जुन पुत्र ऋषिपाल और राजवीर सिंह पुत्र रामेश्वर प्रसाद सभी निवासीगण गांधीनगर सहारनपुर उत्तर प्रदेश घायल हो गए। हादसे की सूचना मिलने पर साहिया, कनबुआ, समाल्टा के राजस्व उपनिरीक्षक मय अनुसेवकों के साथ मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को प्राइवेट वाहन से सीएचसी साहिया पहुंचाया। जहां पर उपचार के बाद सभी घायलों की हालत में सुधार होने पर चिकित्सकों ने छुट्टी दे दी है।
राजस्व उपनिरीक्षक सुखदेव जिनाटा के अनुसार हादसे के कारण बाधित कालसी चकराता मोटर मार्ग को खुलवा दिया गया है, साथ ही हादसे की सूचना ट्रक मालिक को भी फोन से दे दी गई है। सभी घायल अपने घरों के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें-Road Accident In Chamoli: चमोली में अलग-अलग सड़क हादसों में किशोरी समेत दो की मौत, एक घायल
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें