ऊधमसिंहनगर के किसानों को मिली राहत, 1.10 लाख क्विंटल धान का हो सकेगा भुगतान
ऊधमसिंहनगर जिले के उन किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दे दी है जिन्हें आफलाइन हुई 1.10 लाख क्विंटल धान खरीद का भुगतान नहीं हो पाया था। कैबिनेट ने इस बारे में फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। ऊधमसिंहनगर जिले के उन किसानों को सरकार ने बड़ी राहत दे दी है, जिन्हें आफलाइन हुई 1.10 लाख क्विंटल धान खरीद का भुगतान नहीं हो पाया था। कैबिनेट ने इस बारे में फैसला लेने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है। खाद्य आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत के अनुसार मुख्यमंत्री ने इन किसानों को शीघ्र भुगतान करने पर सैद्धांतिक सहमति दे दी है।
धान खरीद केंद्रों में पूर्व में खरीद पोर्टल से बाहर भी धान की खरीद की गई थी। आफलाइन हुई करीब 1.10 लाख क्विंटल धान खरीद का भुगतान किसानों को नहीं हो पाया था। हाल में ऊधमसिंहनगर जिले के किसानों ने खाद्य आपूर्ति मंत्री बंशीधर भगत से मुलाकात कर उनका ध्यान इस तरफ आकृष्ट कराया था। भगत ने किसानों को भरोसा दिलाया था कि उन्हें जल्द ही भुगतान किया जाएगा।
शुक्रवार को हुई कैबिनेट की बैठक में इस मसले पर चर्चा हुई। धान खरीद में किसानों के बकाये के भुगतान के लिए मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत को अधिकृत किया गया। कैबिनेट मंत्री भगत ने कहा कि अब जल्द ही संबंधित किसानों को धान खरीद की बकाया राशि का भुगतान कर दिया जाएगा।
विभागों में 12 अप्रैल तक जारी होगा बजट
चालू वित्तीय वर्ष के बजट में राज्य क्षेत्र की योजनाओं के लिए प्रविधानित राशि के सापेक्ष वित्तीय नियमों का अनुपालन करते हुए सभी स्वीकृतियां 12 अप्रैल तक जारी की जाएंगी। मुख्य सचिव ओमप्रकाश ने इस संबंध में सभी विभागों को निर्देश दिए हैं। साथ ही सभी कार्य, सामग्री व सेवाओं की निविदाएं 20 अपै्रल तक जारी करने को भी कहा है। उन्होंने यह भी निर्देश दिए हैं कि राज्य क्षेत्र की योजनाओं के अंतर्गत विभिन्न परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की उच्च स्तरीय साप्ताहिक समीक्षा की जाए।
यह भी पढ़ें- कृषि मंत्री सुबोध उनियाल बोले, कृषि कर्मियों का अहित नहीं होने देगी सरकार
Uttarakhand Flood Disaster: चमोली हादसे से संबंधित सभी सामग्री पढ़ने के लिए क्लिक करें