जांबाजी का दूसरा नाम थे शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट, पुण्यतिथि पर दी भावभीनी श्रद्धांजलि
शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उनके पैतृक गांव गणेशपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने नम आंखों से उनकी जांबाजी को याद किया।
देहरादून, जेएनएन। मुंबई आतंकी हमले के दौरान दुश्मनों को धूल चटाने वाले उत्तराखंड के शहीद हुए जवान गजेंद्र सिंह बिष्ट की पुण्य तिथि पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। शहीद के पैतृक गांव गणेशपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में लोगों ने नम आंखों से शहीद जवान की जांबाजी को याद किया।
गणेशपुर में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में शहीद जवान गजेंद्र सिंह बिष्ट के परिवार के लोगों व स्थानीय लोगों ने उनके स्मारक पर पुष्प अर्पित किए। इस दौरान लोगों की आंखें उस समय नम हो गई जब शहीद की माता ने डबडबाई आंखों से अपने जांबाज बेटे की फोटो को सीने से लगाया और उसे टकटकी लगाए कई पलों तक देखती रहीं।
सभा में पहुंचे महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट जांबाजी का दूसरा नाम थे। उन्होंने दुश्मनों का डट कर सामना कर देश के लोगों की रक्षा की। श्रद्धांजलि सभा में शहीद की माता शिवदेई को शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। श्रद्धांजलि सभा में कांग्रेस जिलाध्यक्ष पछवादून संजय किशोर, गौरव चौधरी, बीरू बिष्ट, राधे कृष्ण गैरोला, एसएस नेगी, राकेश नेगी, आशीष देसाई, दीवान सिंह समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट द्वार का किया उद्घाटन
गणेशपुर में ही गौरव सेनानी संगठन ने 'जरा याद करो कुर्बानी कार्यक्रम का आयोजन भी किया। हंस फाउंडेशन की संस्थापक माताश्री मंगला ने शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट द्वार का लोकार्पण किया गया। साथ ही भारत पाकिस्तान युद्ध में शहीद अनुसुया प्रसाद द्वार का शिलान्यास भी किया गया। माताश्री मंगला ने बताया कि शहीद गजेंद्र सिंह बिष्ट को मरणोपरांत अशोक चक्र एवं शहीद अनुसुया प्रसाद को मरणोपरांत महावीर चक्र से नवाजा गया है।
यह भी पढ़ें:नूरानांग बैटल ऑनर डे पर जीवंत हुई शौर्य की गाथा, पढ़िए पूरी खबर
मसूरी विधायक गणेश जोशी ने कहा कि कहा कि शहीदों के जीवन से युवा पीढ़ी को प्रेरणा लेनी चाहिए। उन्होंने बताया कि हंस फाउंडेशन के सहयोग से देहरादून में 10वें शहीद द्वार का निर्माण होने जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता सहसपुर विधायक सहदेव सिंह पुंडीर ने की। इस अवसर पर भोले जी महाराज, गौरव सैनानी सैनिक एवं पूर्व सैनिक एसोसिएशन के अध्यक्ष महावीर सिंह राणा, विपिन गौड़ आदि मौजूद थे।
यह भी पढ़ें: देहरादून के शहीद मेजर विभूति और मेजर चित्रेश को वीरता का सम्मान