एम्स ऋषिकेश के पास धमका हाथी गोहरी रेंज का बैरियर तोड़ा Dehradun News
अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान मुख्य गेट के पास दो दांत वाला हाथी निकल आया। समीप श्यामपुर क्षेत्र की आबादी में एक दांत वाला हाथी सक्रिय है।
ऋषिकेश, जेएनएन। शुक्रवार की अलसुबह एम्स के पास एक दांत वाले हाथी ने उत्पात मचाया। बैराज के समीप गौहरी रेंज के बैरियर को हाथी ने क्षति पहुंचाई। हाथी के क्षेत्र में मौजूद रहने के दौरान लोगों में हड़कंप मचा रहा। पार्क कर्मियों ने हाथी को जंगल की ओर खदेड़ा।
देहरादून वन प्रभाग के ऋषिकेश रेंज के जंगल से एक नर हाथी शुक्रवार की अलसुबह करीब दो बजे आबादी में घुस आया। हाथी को एम्स ऋषिकेश के सामने मुख्य मार्ग पर देखा गया। एम्स के सुरक्षाकर्मियों ने हाथी को हल्ला मचा कर यहां से भगाया। इस दौरान कुछ लोगों ने हाथी की वीडियो भी बनाई। यहां से कुछ दूरी पर राजाजी टाइगर रिजर्व की गौहरी रेंज की सीमा लगी है। बैराज पुल के पास रेंज की चेकपोस्ट है। हाथी ने यहां पहुंचकर काफी देर उत्पात मचाया।
यहां लगे वन विभाग के बैरियर को हाथी ने तोड़ दिया। रात्रि गश्त पर समीप मौजूद वन कर्मियों ने हाथी को यहां से किसी तरह से ऋषिकेश की ओर लौटाया। वन क्षेत्राधिकारी गोहरी दिनेश प्रसाद उनियाल ने बताया कि वन कर्मियों के द्वारा जब हाथी को यहां से हटाया गया तो वहां पुन: एम्स के रास्ते आगे बढ़ गया।शीतकाल में जंगल से निकलकर अक्सर हाथी आबादी की ओर आ जाता है। दो दांत वाले इस नर हाथी को शीतकाल के शुरुआती समय में पहली बार यहां देखा गया है।
यह भी पढ़ें: आबादी क्षेत्र में घुसे हाथियों ने ढाया कहर, गन्ने व धान की फसल रौंदी NAINITAL NEWS