कई दिन से सुलग रहा डंपिग ग्राउंड बन सकता है घातक
शांति नगर और गोविद नगर की आबादी से सटे डंपिग ग्राउंड में कूड़े का पहाड़ पिछले कुछ दिनों से भीतर ही भीतर सुलग रहा है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश: शांति नगर और गोविद नगर की आबादी से सटे डंपिग ग्राउंड में कूड़े का पहाड़ पिछले कुछ दिनों से भीतर ही भीतर सुलग रहा है। समय रहते उपाय ना किया गया तो यह आबादी के लिए खतरा बन सकता है।
नगर निगम गठन से पूर्व जब नगर पालिका वजूद में थी तो कूड़ा निस्तारण की समस्या के लिए गोविद नगर के समीप स्थित विशाल भूखंड पर निकाय क्षेत्र का कूड़ा फेंका जाता रहा है। पिछले चार दशक से यहां निरंतर कूड़ा डाला जा रहा है। जो अब यहां पहाड़ का रूप ले चुका है। हालांकि नगर निगम ने इस वर्ष यहां कूड़ा निस्तारण योजना के तहत कूड़ा पृथक करने का कार्य शुरू किया है। भूखंड पर इतना कूड़ा है कि इसको निस्तारित करने में कई वर्ष लग जाएंगे। वर्तमान में गर्मी पड़ने के साथ इस भूखंड पर कूड़े का ढेर भीतर ही भीतर सुलग रहा है। कूड़े से बनने वाली गैस यहां धूमपान कर फेंकी गई सामग्री के कारण आग पकड़ रही है। तीन वर्ष पूर्व तत्कालीन मंडलायुक्त ने नगर पालिका प्रशासन को यह आदेश दिए थे कि कूड़ा मैदान के चारों तरफ पाइप लाइन बिछाकर पानी की व्यवस्था निरंतर की जाए। ताकि किसी भी अग्नि संबंधी दुर्घटना को टाला जा सके।
हालांकि कूड़े की आग से अब तक संपत्ति को कोई नुकसान नहीं हुआ है। इतना जरूर है कि कूड़े के ढेर से उठने वाली बदबू और धुंए से आसपास की आबादी के लोग सांस संबंधित बीमारियों से ग्रसित हो रहे हैं। बुधवार को डंपिग ग्राउंड के समीप खोखो में लगी आग ने आसपास रहने वाले नागरिकों की चिता बढ़ा दी है। इस मामले में नगर आयुक्त ने बताया कि लालपानी क्षेत्र में ट्रेंचिग ग्राउंड की योजना अंतिम चरण में है। इस योजना के बनते ही यहां कूड़ा डालना बंद हो जाएगा और इस कूड़े का वैधानिक तरीके से निस्तारण किया जाएगा। उन्होंने कहा कूड़े के आसपास धूमपान रोकने के लिए निकाय कर्मियों को कहा गया है। जल्द ही आसपास सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने की योजना है।