इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में दून की डॉ. सुजाता का नाम
देहरादून की डॉ. सुजाता संजय का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।
देहरादून, [जेएनएन]: संजय आर्थोपेडिक, स्पाइन एंड मैटरनिटी सेंटर देहरादून की स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. सुजाता संजय का नाम इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में शामिल किया गया है। महिला स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों के लिए उन्हें यह सम्मान दिया गया है।
डॉ. सुजाता ने सोमवार को प्रेस क्लब में पत्रकारों को बताया कि पिछले पांच साल में उन्होंने 187 से अधिक निश्शुल्क स्वास्थ्य परामर्श शिविर लगाकर लगभग पांच हजार मरीजों की जांच की है। इसको इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड ने अपनी आइबीआर-2017 में शामिल किया है।
उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक कर बीमारियों को लेकर सजग करना है। दरअसल, महिलाएं घर-परिवार की देखरेख और पारिवारिक समस्याओं के चलते अपने स्वास्थ्य की अनदेखी करती हैं। इससे महिलाओं में कई तरह की शारीरिक परेशानियां घर कर लेती हैं।
उन्होंने बताया की अधिकांश शिविर दून के सीमावर्ती क्षेत्रों में आयोजित किए गए। अप्रैल 2015 से सितंबर 2017 तक रेडियो के माध्यम से 76 से अधिक स्वास्थ्य संबंधी कार्यक्रम भी पेश किए। इस कार्यक्रम को भी इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में स्थान मिला है। वर्ष 2012 में गुर्दा प्रत्यारोपित एक महिला का सफलतापूर्वक प्रसव कराने के मामले को भी रिकॉर्ड में जगह मिली है। देश की 100 सशक्त महिलाओं में डॉ. सुजाता का नाम शामिल होने पर राष्ट्रपति ने भी उन्हें सम्मानित किया है।
यह भी पढ़ें: पहाड़ की बेटी ने बढ़ाया मान, पुणे में एमडी कोर्स के लिए हुआ चयन
यह भी पढ़ें: कुमाऊं में लाइफ लाइन के लाइफ गार्ड बने वरिष्ठ नागरिक