महेंद्र सिंह धौनी ने पत्नी साक्षी और बेटी जीवा संग मसूरी में मनाई छुट्टी
भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के संग मसूरी में जमकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी।
मसूरी, जेएनएन। भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धौनी ने पत्नी साक्षी और बेटी जीवा के संग मसूरी में जमकर बर्फबारी का लुत्फ उठाया। बताया जा रहा है कि धौनी मसूरी से करीब दस किलोमीटर दूर जबरखेत में एक नवनिर्मित भवन में परिवार के साथ करीब चार दिन रहे।
इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी दूरी बनाए रखी। पुलिस-प्रशासन ऐसी किसी भी सूचना से इन्कार कर रहा है। हालांकि धौनी की पत्नी साक्षी ने इंस्ट्राग्राम में बेटी जीवा के साथ बर्फबारी का लुत्फ उठाते हुए कुछ फोटो शेयर की हैं। बता दें कि देहरादून के डालनवाला में महेंद्र सिंह धौनी का ससुराल है और साक्षी अक्सर यहां छुट्टियां बिताने आती हैं।
मसूरी में बर्फ में 12 घंटे फंसे रहे वाहन
मसूरी में बर्फबारी का मजा लेने उमड़े पर्यटकों को रातभर परेशानी झेलनी पड़ी। बर्फ पर पाला पडऩे के बाद सड़कें खतरनाक हो गईं, जिन कारण करीब दो सौ वाहन 12 घंटे तक फंसे रहे। पुलिस और आइटीबीपी के जवानों ने कड़ी मशक्कत कर वाहनों को निकाला।
शनिवार को हुई बर्फबारी से मसूरी-धनोल्टी मार्ग पर कई स्थानों पर सड़कों पर बर्फ की चादर बिछ गई थी, जिस पर रात को पाला पडऩे के बाद फिसलन बढ़ गई और वाहन फिसलने लगे। बाटाघाट-जेपी बैंड के बीच घंटों रेस्क्यू अभियान चलाया गया। आइटीबीपी के डिप्टी कमांडेंट कमल मेहरा और उमेश नौटियाल ने बताया कि आइटीबीपी के 20 जवानों के साथ वह विगत रात्रि यहां पहुंच गए थे और रेसक्यू आपरेशन शुरू किया। शून्य के करीब तापमान में पूरी रात सड़क से बर्फ हटाने का कार्य जारी रहा और वाहन निकाले गए। रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार दोपहर तक चला, जिसमें बर्फ में फंसे दो सौ से अधिक वाहनों को वहां से निकाला गया। उन्होंने बताया कि बर्फ में फंसे वाहनों में सवार पर्यटकों को खाना और पानी भी उपलब्ध करवाया गया।
रविवार दोपहर बाद धनोल्टी-चंबा मार्ग पर वाहनों का आवागमन फिर से शुरू हो पाया। वहीं मसूरी-चंबा मोटर मार्ग पर भी दोनों ओर से दो जेसीबी बर्फ हटाने में लगी रहीं और रविवार शाम तक यहां पर फिर से यातायात सुचारू हो पाया। एसडीएम मसूरी वरुण चौधरी ने बताया कि मसूरी-कैम्पटी मार्ग पर भी लगभग आधा दर्जन बसें व अन्य वाहन फंस गए थे, जिनको शाम तक वहां से रेस्क्यू किया जा सका। उन्होंने बताया कि प्रशासन की ओर से मसूरी-धनोल्टी मार्ग में फंसे पर्यटकों को खाने के पैकेट व पानी वितरित किया गया। लाइब्रेरी-कंपनी गार्डन मार्ग अभी भी यातायात के लिए बंद है। लाइब्रेरी-किंक्रेग मार्ग पर दोपहर बाद रुक-रुक कर जाम की स्थिति रही।
यह भी पढ़ें: मसूरी में कोल्ड डे कंडीशन, दून में भी सर्दी का सितम
किंक्रेग के पास भी फंसे वाहन
रविवार को किंक्रेग-लाइब्रेरी व किंक्रेग-मैसानिक लॉज मार्ग पर भी दर्जनों वाहन फंस गए। जिन्हें पुलिस की ओर से दोपहर बाद तक हटाया जा सका। देहारादून जाने वाले लोगों को किंक्रेग से टैक्सी सुविधा मिल सकी। पूरे दिनभर लाइब्रेरी व मैसानिक लॉज बस स्टैंड पर रोडवेज की कोई बस नहीं आने से यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: Snowfall in Mussoorie: मसूरी में सीजन का पहला हिमपात, देखने को उमड़े पर्यटक