Move to Jagran APP

Dehradun News: देहरादून में भगवान जगन्नाथ ने किया नगर भ्रमण, देखें तस्‍वीरों में

Jagannath Yatra श्री राम मंदिर समिति और श्री श्री जगन्नाथ श्री गुंडिचा रथयात्रा आयोजन समिति की ओर से 25वीं जगन्नाथ यात्रा निकाली गई। भाई बलभद्र बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार भगवान जगन्नाथ के दर्शनों को श्रद्धालु उमड़े।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 01 Jul 2022 10:57 PM (IST)Updated: Fri, 01 Jul 2022 10:57 PM (IST)
Dehradun News: देहरादून में भगवान जगन्नाथ ने किया नगर भ्रमण, देखें तस्‍वीरों में
श्री राम मंदिर समिति और श्री श्री जगन्नाथ श्री गुंडिचा रथयात्रा आयोजन समिति की ओर से जगन्नाथ यात्रा निकाली गई।

जागरण संवाददाता, देहरादून: श्री राम मंदिर समिति और श्री श्री जगन्नाथ श्री गुंडिचा रथयात्रा आयोजन समिति की ओर से शहर में श्रद्धा और उत्साह के साथ 25वीं जगन्नाथ यात्रा निकाली गई। श्रद्धालुओं ने भगवान जगन्नाथ के जयकारों के साथ रथ को खींचा। रथयात्रा का विभिन्न जगहों पर लोग ने फूलों की वर्षा कर स्वागत किया।

loksabha election banner

शुक्रवार सुबह दीपलोक कालोनी स्थित श्रीराम मंदिर में भगवान जगन्नाथ और उनके परिवार की पूजा की गई। यहां भगवान जगन्नाथ के दर्शन के लिए काफी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। बैंड बाजा की धुन और हरि बोल के जयकारों के साथ मंदिर से रथयात्रा शुरू हुई।

श्री पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर सेवादल की ओर से यात्रा का संचालन किया गया। भाई बलभद्र, बहन सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर जब भगवान जगन्नाथ नगर भ्रमण पर निकले तो श्रद्धालुओं का सैलाब उनके दर्शन को उमड़ पड़ा। किशन नगर चौक स्थित श्री राधा कृष्ण मंदिर जो भगवान जगन्नाथ की मौसी का घर कहा जाता है वहां रथयात्रा ने अल्प विश्राम लिया।

इसके बाद यात्रा बिंदाल पुल, कनाट पैलेस से घंटाघर होते हुए मंदिर में पहुंची। रथ वापसी पर मंदिर में हल्दी, चावल, पुष्प और गंगाजल से भगवान का स्वागत किया गया। इसके बाद शाम को जगन्नाथ, देवी सुभद्रा, बलभद्र भगवान की भव्य आरती की गई। आयोजन समिति के अध्यक्ष प्रमोद गोयल ने बताया कि जगन्नाथ पुरी उड़ीसा की तर्ज पर दून में भी संपूर्ण आयोजन होता है।

इस मौके पर कमल वोहरा, संगीता गुप्ता, सीमा अवतार, पंडित सुभाष चंद्र सतपति, डा. कृष्ण अवतार, पंडित पुरुषोत्तम डिमरी, आयोजन समिति के सचिव अनिल बांगा, उत्सव मंत्री जेएस चुग, राहुल शर्मा, बाजेश कुमार, संजय गर्ग आदि रहे।

रथ खींचने से मिलता है स्वर्ग

यात्रा के दौरान हर कोई रथ को छूने और खींचने के लिए आतुर रहा। मान्यता है कि ऐसा करने से स्वर्ग की प्राप्ति होती है। इसके अलावा कहा जाता है कि जब यात्रा प्रारंभ होती है तो देश का राजा अथवा राज्य प्रमुख नंदीघोष रथ के आगे झाडू बुहारु करता है। इसी क्रम में महापौर सुनील उनियाल गामा, कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, आम आदमी पार्टी के नेता रविंद्र आनंद ने संयुक्त रूप से श्रद्धालुओं के साथ झाडू लगाकर इस परंपरा का निर्वहन किया।

कैबिनेट मंत्री और महापौर ने मंदिर में टेका माथा

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और महापौर सुनील उनियाल गामा ने मंदिर में पहुंचकर माथा टेका और सुख समृद्धि की कामना की। कैबिनेट मंत्री ने कहा कि यात्रा सांप्रदायिक सौहार्द का प्रतीक है। हम सभी को मिलकर इसे मनाना चाहिए। इस दौरान भाजपा प्रदेश प्रवक्ता विनय गोयल, कैंट विधायक सविता कपूर, कांग्रेस के उपाध्यक्ष सूर्यनगर धस्माना, महानगर के अध्यक्ष लालचंद शर्मा आदि ने भी आशीर्वाद लिया।

विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्त्‍ताओं ने किया स्वागत

भगवा ध्वज लिए हरि बोल, जय श्रीराम के जयकारों के साथ बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्त्‍ता भी रथयात्रा में शामिल हुए। विभिन्न जगहों पर कार्यकर्त्‍ताओं ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

स्टाल लगाकर वितरित किया प्रसाद

सामाजिक संगठन, व्यापार संघ और धार्मिक संगठनों की ओर से विभिन्न जगहों पर प्रसाद, जूस, पानी, फल के स्टाल लगाकर श्रद्धालुओं को वितरित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.