उत्तराखंड: कैबिनेट मंत्री हरक सिंह ने पूर्व सीएम हरीश रावत को बताया 'छूटा और फुंका कारतूस'
कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चेहरा घोषित करने संबंधी वक्तव्य को लेकर जहां कांग्रेस में घमासान मचा है। वहीं इस पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी चुटकी ली है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चेहरा घोषित करने संबंधी वक्तव्य को लेकर जहां कांग्रेस में घमासान मचा है। वहीं, इस पर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने भी चुटकी ली है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री रावत को छूटा और फुंका कारतूस बताया है।
कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव के दौरान प्रदेश में हरीश रावत मुख्यमंत्री थे और चुनाव में वही कांग्रेस का चेहरा थे। तब कांग्रेस पार्टी राज्य में 11 सीटों पर आकर सिमट गई। हरक ने कहा कि ऐसे छूटे और फुंके कारतूस को कांग्रेस दोबारा चलाना चाहती है तो उत्तराखंड के युवाओं को कांग्रेस से क्या उम्मीदें होंगी।
छापामारी का समय गुजर चुका: प्रीतम
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के छापामारी मुहिम पर चुटकी ली। उन्होंने कहा कि अब समय गुजर गया है, इस दिखावे से कुछ नहीं होने वाला। बेहतर हो कि मुख्यमंत्री किसी पर कार्रवाई से पहले अपने खिलाफ जांच का सामना करें।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में मंगलवार को मीडिया से बातचीत में प्रीतम सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का अब तक का कार्यकाल बगैर कुछ किए गुजरा है। अब वह सरकारी कार्यालयों में छापामारी कर रहे हैं। इस काम के लिए समय अब बीत चुका है। उन्होंने कहा कि जनता महंगाई की मार से त्रस्त है। इसके खिलाफ बुधवार को पार्टी पूरे प्रदेश में प्रदर्शन करेगी।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड सचिवालय संघ चुनाव : अध्यक्ष और महासचिव पद पर चार-चार नामांकन