पछवादून में कांग्रेसियों ने फूंके सरकार के पुतले, व्यक्त किया अपना आक्रोश
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पछवादून में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता ऋषिकेश में धार्मिक स्थल व शहीद स्मारक तोड़ने व विकासनगर में अतिक्रमण हटाने के विरोध में सड़कों पर उतरे। कांग्रेसियों ने नारेबाजी के बीच विकासनगर व सेलाकुई में सरकार के पुतले फूंके और अपना आक्रोश व्यक्त किया।
विकासनगर (देहरादून), जेएनएन। गुरुवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर पछवादून में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्त्ता ऋषिकेश में धार्मिक स्थल व शहीद स्मारक तोड़ने व विकासनगर में अतिक्रमण हटाने के विरोध में सड़कों पर उतरे। कांग्रेसियों ने जोरदार नारेबाजी के बीच विकासनगर व सेलाकुई में सरकार के पुतले फूंके और अपना आक्रोश व्यक्त किया। कांग्रेसियों ने कहा कि अतिक्रमण के नाम पर धार्मिक स्थलों और उत्तराखंड आंदोलनकारियों की याद में बनाए गए शहीद स्थल को तोड़ कर सरकार ने जनभावनाओं को ठेस पहुंचाई है।
ऋषिकेश में अतिक्रमण अभियान के तहत कई धार्मिक स्थलों व शहीद स्मारक को धराशाई करने के विरोध में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकत्र्ता विकासनगर के मंडी चौक पर एकत्र हुए, जहां पर जोरदार नारेबाजी के बीच प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष संजय किशोर ने कहा कि प्रदेश सरकार अतिक्रमण हटाने के नाम पर प्रदेश वासियों को परेशान करने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के दिशा निर्देशन में चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान में उत्तराखंड के निर्माण के लिए बलिदान करने वाले आंदोलनकारियों के नाम पर बनाए गए शहीद स्थल को भी निशाना बनाया गया है, जो सरकार की जनभावना विरोधी सोच को जाहिर करता है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी प्रदेशवासियों की धार्मिक भावनाओं व शहीदों के अपमान को किसी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। कांग्रेसियों ने प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने की मांग करते हुए सरकार के पुतले को भी आग के हवाले किया। प्रदर्शन व पुतला दहन के दौरान नगर अध्यक्ष शम्मी प्रकाश, कितेश जायसवाल, पूर्व पालिकाध्यक्ष नीरज अग्रवाल, लवलेश शर्मा, सलीम अहमद, बलजीत सिंह, देवानंद पासी, बेलीराम ठाकुर, साबिर, हर्षुल शर्मा, यासीन मिर्जा, सदाकत अली, रिंकू कन्नौजिया, एंथोनी, फुरकान अहमद, केवल राम, गुरविंदर सिंह पम्मी, राजीव शर्मा, भुवन पंत, अनुपम कपिल, राजेश वर्मा, फहीम अंसारी, नौशाद अली, अनस, मुनीर अहमद आदि शामिल रहे।