सोनिया गांधी के विरुद्ध किए गए मुकदमे के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिया धरना
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के विरुद्ध करवाये गए मुकदमे के विरोध में रविवार को सभी जिला मुख्यालयों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धरना दिया।
देहरादून, जेएनएन। कांग्रेस अध्यक्षा सोनिया गांधी व अन्य कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध मुकदमे कायम कर परेशान करने के विरोध में आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक प्रीतम सिंह के आह्वान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उत्तराखंड के हर जिला मुख्यालय पर एक दिवसीय धरना दिया। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय पर पार्टी अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस के वरिष्ठ नेतागण पूर्व अध्यक्ष किशोर उपाध्याय, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना समेत बड़ी संख्या में पार्टी नेता शारीरिक दूरी का पालन करते हुए धरने पर बैठे।
इस अवसर पर प्रीतम सिंह ने जमकर केंद्र व राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि पूरी दुनिया की सरकारें इस समय कोरोना से लड़ाई लड़ रहे हैं और भारत की सरकार व बीजेपी के लोग सोनिया, राहुल, प्रियंका और कांग्रेस के नेताओं से लड़ाई लड़ रहे हैं। सत्ता के मद में चूर हो कर कांग्रेस नेताओं पर झूठे मुकदमे कायम करवा रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज सोनिया गांधी के आह्वान पर पूरे देश में कांग्रेस कार्यकर्ता कोरोना संकट काल में गरीब मजदूर व जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता मुकदमों से नहीं डरते, लेकिन अगर हमारे नेताओं के विरुद्ध झूठे मुकद्दमे कर उनको परेशान करने की कोशिश की गई तो पार्टी कार्यकर्ता सड़कों पर उतरने से भी नहीं हिचकिचाएंगे।
केंद्र के इशारे पर सोनिया गांधी के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा
टिहरी में कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में दर्ज किए गए मुकदमे के विरोध में जिला मुख्यालय सहित सभी ब्लॉक व शहर मुख्यालयों में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओ ने धरना दिया। जिलाध्यक्ष राकेश राणा ने आरोप लगाया कि केंद्र के इशारे पर सोनिया गांधी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। धरने में देवेंद्र नौडियाल, कुलदीप पंवार आदि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री केयर फंड पर सवाल पूछना कोई अपराध नहीं
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ कर्नाटक में दर्ज हुए मुकदमे के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस भवन में धरना दिया। कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष महंत विनय सारस्वत ने कहा कि प्रधानमंत्री केयर फंड पर सवाल पूछना कोई अपराध नहीं है। कर्नाटक सरकार ने केंद्र सरकार के इशारे पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी के खिलाफ झूठा मुकदमा दर्ज किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केयर फंड का हिसाब सरकार को देना होगा।
यह भी पढ़ें: महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ने नगर आयुक्त को सौंपा ज्ञापन, बताई जन समस्याएं
कार्यकारी अध्यक्ष ललित मोहन मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री आपदा राहत कोष के रहते प्रधानमंत्री केयर फंड बनाना खुद ही शंका को जन्म देता है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी लगातार लौट रहे प्रवासियों के लिए ठोस प्रबंध नहीं कर पा रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से भी मुख्यमंत्री राहत कोष का हिसाब देने की मांग की है। इस दौरान प्रदेश सचिव मदन मोहन शर्मा, वेद प्रकाश शर्मा, अरविंद जैन, सतीश शर्मा, महिला कांग्रेस की नगर अध्यक्ष मधु जोशी, शकुंतला शर्मा, सरोजिनी थपलियाल, प्यारेलाल जुगलान, राजेंद्र गैरोला, सोनू पांडेय आदि उपस्थित थे।
यह भी पढ़ें: नेताओं पर की गई टिप्पणी पर कांग्रेस कार्यकर्ता नाराज, दी तहरीर Dehradun News