गणेश गोदियाल बोले, भू-कानून और देवस्थानम बोर्ड पर हो रही लीपापोती; मानहानि नोटिस पर ये कहा
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने एक बार फिर उत्तराखंड सरकार पर निशाना साधा है। उनका कहना है कि भू-कानून और देवस्थानम बोर्ड पर लीपापोती की जा रही है। साथ ही उन्होंने पांच करोड़ के मानहानि नोटिस पर क्या कहा आप भी जानिए...
राज्य ब्यूरो, देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भू-कानून और देवस्थानम बोर्ड को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी पर हमला बोला है। भू-कानून और देवस्थानम बोर्ड पर मुख्यमंत्री समितियों को मामला सौंपकर लीपापोती की कोशिश कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में सोमवार को पत्रकारों से बातचीत में गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव की अधिसूचना जारी होने तक सरकार इन मामलों को लटकाना चाहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री धामी के ये फैसले हतप्रभ करने वाले हैं। वह निर्णय लेने में अक्षम हैं। मुख्यमंत्री समितियों का गठन कर रहे हैं जो समस्या का समाधान नहीं है। उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि वह भू-कानून और देवस्थानम बोर्ड को निरस्त करने के लिए विधानसभा में प्रस्ताव लाएं।
गोदियाल बोले, मानहानि नोटिस से डरने वाला नहीं
मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी लाल साहू की ओर से पांच करोड़ की मानहानि का मुकदमा करने पर उन्होंने कहा कि उन्हें अभी नोटिस नहीं मिला है। वह उत्तराखंड के बेटे हैं। इसतरह के मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने पद की गरिमा का अतिक्रमण नहीं किया है। साथ ही यह भी कहा कि उन्हें न्यायालय पर पूरा विश्वास है।
प्रायश्चित यात्रा निकाले भाजपा: प्रीतम
नेता प्रतिपक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह ने भाजपा की जन आशीर्वाद यात्रा पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि 2022 में जनता भाजपा की विदाई यात्रा निकालने जा रही है। प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा को राज्य की जनता से झूठे वायदों और दावों के लिए प्रायश्चित यात्रा निकालनी चाहिए। भाजपा सरकार ने उत्तराखंड की भोली-भाली जनता को डबल इंजन के सपने दिखाकर ठगने का काम किया है। जनता को पता चल चुका है कि ये डबल नहीं, बल्कि डब्बा इंजन है।
यह भी पढ़ें- केंद्रीय राज्यमंत्री भट्ट बोले, अफगानिस्तान में सभी भारतीय सुरक्षित; घटनाक्रम नजर बनाए हुए है केंद्र