भाजपा विधायक के जाति प्रमाणपत्र को कांग्रेस ने बनाया मुद्दा
हरिद्वार जिले में भाजपा विधायकों कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के बीच विवाद में जाति प्रमाणपत्र पर उठाई गई अंगुली को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश में कांग्रेस और भाजपा के बीच रार फिर तेज होने जा रही है। हरिद्वार जिले में भाजपा विधायकों कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन और देशराज कर्णवाल के बीच विवाद में जाति प्रमाणपत्र पर उठाई गई अंगुली को कांग्रेस ने मुद्दा बना लिया है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल राजभवन जाकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपेगा। कांग्रेस जाति प्रमाणपत्र मामले की जांच की मांग कर रही है। उधर, प्रदेश कांग्रेस ने विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के राष्ट्रपति महात्मा गांधी को लेकर दिए बयान पर तीखी आपत्ति जताई है।
पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी का अपमान कर रही है। हरिद्वार में भाजपा विधायकों के बीच खींचतान ने पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। वहीं प्रदेश कांग्रेस इसे मुद्दा बनाने जा रही है।
भाजपा के खानपुर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के झबरेड़ा विधायक देशराज कर्णवाल के जाति प्रमाणपत्र को फर्जी बताए जाने के बाद कांग्रेस इस मामले में राजभवन में भी दस्तक देगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जाति प्रमाणपत्र में फर्जीवाड़े का विधायक का आरोप गंभीर है। सरकार को खुद ही इस मामले की जांच करानी चाहिए। सरकार ऐसे मामले में चुप्पी नहीं साध सकती।
वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने राष्ट्रपति महात्मा गांधी को लेकर विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन के बयान को लेकर सत्तारूढ़ दल भाजपा और विधायक को निशाने पर लिया है। विधायक प्रणव सिंह ने बाबा साहब अंबेडकर असली राष्ट्रपिता करार देते हुए भारतीय मुद्रा पर उनकी फोटो लगाने की पैरवी की है।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रवक्ता गरिमा दसौनी ने कहा कि विधायक कुंवर प्रणव सिंह की राष्ट्रपिता पर टिप्पणी शर्मनाक है। महात्मा गांधी के प्रति दुनियाभर में सम्मान है। इस मामले में भाजपा को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या वह बापू का अपमान करने वाले विधायक के साथ खड़ी है।
यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक चैंपियन और कर्णवाल को नोटिस, जानिए पूरा मामला
यह भी पढ़ें: भाजपा विधायक ने राष्ट्रपिता को लेकर दिया विवादित बयान, जानिए क्या कहा
यह भी पढ़ें: भाजपा के दो विधायकों की लड़ाई कुश्ती के अखाड़े तक पहुंची