देहरादून: पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दाम को लेकर कांग्रेस मुखर, केंद्र सरकार के खिलाफ किया प्रदर्शन
कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने डीजल पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दाम के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे दामों के कारण आम जनता बेहद परेशान है लेकिन केंद्र सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं है।
जागरण संवाददाता, देहरादून। उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी और युवा कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने डीजल, पेट्रोल और रसोई गैस के बढ़ते दाम के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ रहे दामों के कारण आम जनता बेहद परेशान है, लेकिन केंद्र सरकार को इसकी बिल्कुल भी चिंता नहीं है।
कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना के नेतृत्व में शनिवार को कांग्रेसियों ने चकराता रोड स्थित एक पेट्रोल पंप परिसर में केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। धस्माना ने कार्यकर्त्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आम जनता पेट्रोल, डीजल व रसोई गैस के लगातार बढ़ते दाम के कारण परेशान है। शनिवार को दून में पेट्रोल सौ रुपये पार हो गया है। केंद्र सरकार को जनता के साथ किसी प्रकार की सहानुभूति नहीं है।
प्रदर्शन करने वालों में प्रदेश सचिव मंजू त्रिपाठी, महेश जोशी, पार्षद सुमित्रा ध्यानी, कोमल वोहरा, संगीता गुप्ता, प्रमोद गुप्ता आदि मौजूद रहे। उधर, महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने पेट्रोल प्रति लीटर सौ रुपये पार होने पर केंद्र सरकार के खिलाफ कड़ा रोष जताया।
यह भी पढें- नमो के भरोसे पर खरा उतरने की चुनौती, प्रधानमंत्री मोदी ने की डबल इंजन सरकार की अपेक्षा
युवा कांग्रेस ने भी केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोला
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव वैभव वालिया के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं ने शनिवार को बल्लूपुर चौक पर बढ़ती महंगाई को लेकर केंद्र के खिलाफ प्रदर्शन किया। वैभव वालिया ने कहा कि पेट्रोल-डीजल, रसोई गैस, सरसों का तेल आदि महंगे होते जा रहे हैं। कहा युवा कांग्रेस देशभर में महंगाई के विरोध में हार्न बजाओ अभियान चला रही है, ताकि केंद्र व राज्यों की सरकार जाग सके। इस दौरान अरुण शर्मा, सुमित्रा ध्यानी, मंजू त्रिपाठी, कमर खान, मोहित ग्रोवर, कमल कांत, राहुल प्रताप लक्की, शिवम ध्यानी, नवनीत कुकरेती आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- उत्तराखंड: कांग्रेस कार्यकर्त्ता भाजपा से मुकाबले को लेंगे प्रशिक्षण, पार्टी इकाइयों को किया जाएगा चुस्त-दुरुस्त