कांग्रेस कार्यकताओं ने बलिदानियों को दी श्रद्धांजलि, भाजपा ने किया पलटवार
कांग्रेस कार्यकताओं ने चीड़ बाग स्थित शौर्य स्थल पर जाकर गलवन घाटी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की।
देहरादून, जेएनएन। महानगर कांग्रेस कार्यकताओं ने चीड़ बाग स्थित शौर्य स्थल पर जाकर गलवन घाटी में शहीद हुए भारतीय सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वीर सैनिकों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा। वहीं, जांबाजों को कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि देने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने कहा, चीन के आगे घुटने वाली कांग्रेस को क्या गलवन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का नैतिक अधिकार है।
देहरादून के राजपुर रोड स्थित प्रदेश कार्यालय में सुबह महानगर कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए और वहां से शौर्य स्थल पहुंचे। शौर्य स्थल पर वीर शहीद सैनिकों को श्रद्धाजंलि अर्पित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि गलवन घाटी में चीनी सेना को वीर शहीद भारतीय सैनिकों ने करारा जवाब दिया। इन सैनिकों की वीरता से आज हम चैन की नींद सो पाते हैं। वीर सैनिकों के बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा।
उन्होंने कहा कि भारत-चीन सीमा पर लंबे समय से तनाव की स्थिति बनी हुई थी परन्तु केंद्र सरकार पड़ोसी देश की चाल समझने में पूरी तरह नाकाम रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री व गृहमंत्री को देश की जनता के सामने आकर जनता को सीमा पर घटी घटना की सच्चाई बतानी चाहिए। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष लाल चंद शर्मा ने कहा कि चीनी के उत्पादों का बहिष्कार कर हम चीन को सबक सीखा सकते हैं। इस मुहिम में सभी का सहयोग जरूरी है।
श्रद्धांजलि देने वालों में प्रदेश महामंत्री संगठन विजय सारस्वत, प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना, प्रदेश महामंत्री राजेंद्र शाह, नवीन जोशी, पीके अग्रवाल, पूर्व मंत्री अजय सिंह, गोदावरी थापली, महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा, पूर्व विधायक राजकुमार, प्रदेश सचिव राजेश शर्मा, गरिमा दसौनी, मंजुला तोमर, महानगर महिला अध्यक्ष कमलेश रमन, संदीप चमोली, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष भूपेंद्र नेगी आदि शामिल थे।
कांग्रेस को नहीं बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का अधिकार
गलवन में सर्वोच्च बलिदान देने वाले भारतीय रणबांकुरों को कांग्रेस की ओर से श्रद्धांजलि देने पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और मीडिया प्रभारी डॉ. देवेंद्र भसीन ने सवाल करते हुए कहा कि चीन के आगे घुटने वाली कांग्रेस को क्या गलवन के बलिदानियों को श्रद्धांजलि देने का नैतिक अधिकार है।
डॉ. भसीन ने कहा कि पूरी दुनिया जानती है कि केंद्र में कांग्रेस शासनकाल में अलग-अलग अवसरों पर चीन ने भारत की सीमा पर अतिक्रमण किया। हर बार कांग्रेस सरकार ने चीन के आगे घुटने टेके। कुछ वर्ष पूर्व कांग्रेस ने चीन की कम्युनिस्ट पार्टी के साथ समझौते पर हस्ताक्षर किए। डोकलाम विवाद में राहुल गांधी ने चीन के राजदूत से गोपनीय भेंट की और जब मामला खुला तो सफाई देने लगे। अब एक बड़ा खुलासा हुआ है कि चीन ने कांग्रेस को मोटा पैसा दिया है।
यह भी पढ़ें: हरीश रावत को श्रद्धांजलि कार्यक्रम की अनुमति नहीं, 28 जून को पूरी होगी क्वारंटाइन अवधि
उन्होंने कहा कि गलवन टकराव में भारतीय जांबाजों की प्रशंसा करना तो दूर कांग्रेस नेता ऐसे बयान देते रहे, जिसमें चीन की हिमायत की गई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में जरा भी नैतिकता है तो उसे आत्ममंथन करते हुए प्रायश्चित करना चाहिए।
यह भी पढ़ें: पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत गलवान में सैनिकों के बलिदान के सम्मान में बैठेंगे धरने पर