Uttarakhand Election 2022: कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता मोहन प्रकाश को किया उत्तराखंड चुनाव के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक नियुक्त
Uttarakhand Vidhan Sabha Election 2022 कांग्रेस ने प्रदेश में चुनाव अभियान प्रबंधन और समन्वय के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में मोहन प्रकाश को नामित किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने यह आदेश जारी किए।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। कांग्रेस ने प्रदेश में चुनाव अभियान प्रबंधन और समन्वय के लिए वरिष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में मोहन प्रकाश को नामित किया है। कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव संगठन केसी वेणुगोपाल ने यह आदेश जारी किए। उन्हें प्रदेश प्रभारी देवेंद्र यादव के साथ यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। मौजूदा समय में मोहन प्रकाश कांग्रेस के प्रवक्ता हैं। वह पार्टी के महासचिव भी रह चुके हैं। 14 फरवरी को उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव होना है।
किशोर के कदम पर टिकी सबकी नजर
विधानसभा चुनाव से ठीक पहले पूर्व कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय के विरुद्ध पार्टी द्वारा उठाए गए कड़े कदम के बाद अब सबकी नजरें किशोर के अगले कदम पर टिकी हैं। चर्चा है कि किशोर भाजपा का दामन थाम सकते हैं। हालांकि अभी भाजपा नेता इस संबंध में किसी टिप्पणी से इन्कार कर रहे हैं।
किशोर उपाध्याय की अपनी पार्टी से नाराजगी लंबे समय से चली आ रही है। पार्टी नेताओं से तकरार तक तो सब चल रहा था, लेकिन अब चुनाव के वक्त भाजपा नेताओं से उनकी मुलाकात सेे कांग्रेस हाईकमान का धैर्य भी जवाब दे गया। किशोर के अगले कदम के बारे में जानने के लिए उनसे संपर्क की कोशिश की गई, मगर वह उपलब्ध नहीं हुए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से जब पूछा गया कि क्या किशोर उपाध्याय भाजपा में शामिल हो रहे हैं, उन्होंने कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया। कौशिक ने केवल यही कहा कि देखते रहिए, क्या होता है।
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने की सीईओ से शिकायत
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को मुख्य निर्वाचन अधिकारी सौजन्या से मुलाकात कर राज्य बाल विकास परियोजना के अंतर्गत विभिन्न विकासखंडों में आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मुख्यमंत्री की फोटोयुक्त किट बांटने की शिकायत की। मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट के वितरण को आचार संहिता का उल्लंघन करार दिया गया। प्रतिनिधिमंडल ने किट वितरण पर रोक लगाने के साथ ही परियोजना के जिला सुपरवाइजरों के संबद्धीकरण को निरस्त करने की मांग भी की। प्रतिनिधिमडल ने अन्य ज्ञापन में उपनल के माध्यम से 35 अभ्यर्थियों की नियुक्ति को स्थगित करने की मांग भी की। प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश कांग्रेस महामंत्री संगठन मथुरादत्त जोशी व अमरजीत सिंह शामिल थे।