उत्तराखंड: सचिवालय संघ में बाहरी सदस्यों को लेकर गतिरोध बरकरार, पढ़िए पूरी खबर
सचिवालय संघ में सचिवालय सेवा से बाहर के कार्मिकों को सदस्य बनाने को लेकर संघ के भीतर गतिरोध बरकरार है। संघ के उपाध्यक्ष संदीप मोहन चमोला ने सचिवालय संघ के अध्यक्ष और महासचिव को पत्र भेजकर आमसभा के एजेंडे से इस बिंदु को हटाने का अनुरोध किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। सचिवालय संघ में सचिवालय सेवा से बाहर के कार्मिकों को सदस्य बनाने को लेकर संघ के भीतर गतिरोध बरकरार है। संघ के उपाध्यक्ष संदीप मोहन चमोला ने सचिवालय संघ के अध्यक्ष और महासचिव को पत्र भेजकर आमसभा के एजेंडे से इस बिंदु को हटाने का अनुरोध किया है। सचिवालय संघ में अब जल्द द्विवार्षिक चुनाव होने वाले हैं। संघ ने कुछ समय पहले कार्यकारिणी के ढांचे में परिवर्तन करने के साथ ही दूसरे संवर्गों के सदस्यों को शामिल करने का निर्णय लिया है।
इस निर्णय का संघ के उपाध्यक्ष और पूर्व पदाधिकारी विरोध कर रहे हैं। वे इस संबंध में सचिवालय प्रशासन को भी पत्र लिख चुके हैं। अब संघ के उपाध्यक्ष ने अध्यक्ष और महासचिव को पत्र लिखकर कहा है कि दूसरे संवर्ग के सदस्यों को संघ में शामिल करने के निर्णय पर पुनर्विचार किया जाए। सचिवालय संघ सचिवालय कार्मिकों के हितों के लिए बना है। इसलिए दूसरे संवर्गों के कार्मिकों को इसमें शामिल न किया जाए।
भाजपा में शामिल हुए काशीपुर के डॉ. यशपाल
काशीपुर के एक निजी अस्पताल के स्वामी डॉ. यशपाल सिंह रावत ने भाजपा का दामन थाम लिया। रविवार को बीजापुर गेस्ट हाउस में उन्होंने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत अन्य नेताओं की मौजूदगी में भाजपा की प्राथमिक सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत ने बताया कि इस मौके पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, राज्यमंत्री डॉ. धन सिंह रावत आदि मौजूद थे।
कांग्रेस ने बंद को दिया समर्थन
कांग्रेस ने कृषि बिलों को वापस लिए जाने की मांग को लेकर आहूत भारत बंद को अपना समर्थन दिया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने सभी पदाधिकारियों को बंद के समर्थन में पूर्ण सहयोग देने व धरना-प्रदर्शन करने के निर्देश दिए हैं। कांग्रेस के प्रदेश उपाध्यक्ष सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में कांग्रेस किसानों के हितों की लड़ाई लड़ती रही है और आगे भी लड़ेगी।