ऋषिकेश में ARTO के पास धरना स्थल पर विवाद, पुलिस ने दोनों पक्ष के छह लोगों को किया गिरफ्तार
एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए पिछले एक फरवरी से क्रमिक अनशन पर बैठे स्थानीय नागरिक संजीव रावत और उनके सहयोगी के साथ दूसरे पक्ष का विवाद हो गया। दूसरे पक्ष ने भी उनके खिलाफ धरना शुरू कर दिया था।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। एआरटीओ कार्यालय परिसर में धरने पर बैठे दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। पुलिस ने मौके से छह व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। दरअसल, एआरटीओ कार्यालय में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए स्थानीय युवक संजीव रावत एक फरवरी से क्रमिक अनशन पर बैठे हैं। उनके साथ गौरव राजपूत, सुरेंद्र सिंह नेगी धरना दे रहे हैं। वहीं, दूसरी ओर परिवहन कंपनियों की ओर से अधिकृत अभिकर्ताओं ने इस मामले में धरने में शामिल व्यक्तियों पर अनावश्यक परेशान करने का आरोप लगाया है।
इस पक्ष ने दो दिन पूर्व परिवहन सचिव और एआरटीओ ऋषिकेश को पत्र देकर क्रमिक अनशन करने वालों पर कई आरोप लगाए थे और उनके खिलाफ कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी। विभिन्न परिवहन कंपनियों और शोरूम की ओर से अधिकृत अभिकर्ता भी एआरटीओ करने के समक्ष दूसरे पक्ष के खिलाफ धरना देने बैठ गए। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच नारेबाजी के बाद विवाद बढ़ गया। विभाग की ओर से पुलिस को सूचित किया गया। जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस दोनों पक्षों के छह व्यक्तियों को कोतवाली ले आई।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपितों में एक पक्ष से गौरव राजपूत निवासी ढालवाला और संजीव रावत निवासी गंगानगर शामिल हैं। दूसरे पक्ष से विक्रांत आनंद निवासी हनुमंतपुरम ऋषिकेश, अमरजीत निवासी गोविंद नगर, उमेश चौहान निवासी बनखंडी और प्यारेलाल जुगलान निवासी सोमेश्वर नगर ऋषिकेश शामिल हैं।
नहीं भरे मुचलके, दो को जेल भेजा
पुलिस ने गिरफ्तार किए गए सभी छह व्यक्तियों को उप जिलाधिकारी न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया। यहां संजीव रावत और गौरव राजपूत ने मुचलके भरने से इनकार कर दिया। उनका कहना है कि हमने ही पुलिस को सूचना देकर बुलाया और हम ही गिरफ्तार हो गए। न्यायालय ने दोनों को जिला कारागार भेजने के आदेश जारी किए। दोनों युवकों ने कहा कि वह अब आमरण अनशन करेंगे। इनके साथी सुरेंद्र सिंह नेगी ने कहा कि एआरटीओ के समक्ष वह आंदोलन को आगे बढ़ाएंगे।
यह भी पढ़ें- पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार बोले, जनता की शिकायतों पर तुरंत एक्शन लेगी पुलिस