एनआरसी राष्ट्रीय हित से जुड़ा विषय: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा नागरिकता बिल में प्रस्तावित संशोधन का स्वागत किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा नागरिकता बिल में प्रस्तावित संशोधन का स्वागत किया है। उन्होंने इसे राष्ट्रीय महत्व का फैसला बताते हुए इसे राष्ट्रहित से जुड़ा विषय भी बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से जुड़ा होने के कारण उत्तराखंड के लिए एनआरसी अहम है। असोम के बाद अब पूरे देश में एनआरसी लागू किए जाने की केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की घोषणा का उन्होंने समर्थन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठ के लिहाज से उत्तराखंड हमेशा से ही संवेदनशील रहा है। इसलिए उत्तराखंड के लिए एनआरसी ज्यादा महत्व रखता है। इसीलिए वह काफी पहले से एनआरसी लागू करने की बात कह रहे हैं। उत्तराखंड में यह पहले ही से ही विचाराधीन रहा है।
केंद्र सरकार की पहल का समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घुसपैठ एक बड़ी समस्या है और एनआरसी के लागू होने के बाद राष्ट्रीय सुरक्षा को लेकर एक बड़ी समस्या का समाधान हो जाएगा।