उत्तरखंड में एनआरसी का महत्व अधिक: त्रिवेंद्र
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूरे देश में एनआरसी (नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजंस) लागू करने का स्वागत किया है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पूरे देश में एनआरसी (नेशनल रजिस्टर फॉर सिटीजंस) लागू करने का स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि इससे घुसपैठियों व राष्ट्र विरोधी तत्वों को लेकर समय-समय पर उठने वाले सवालों का स्थायी समाधान किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सीमांत क्षेत्र होने के नाते यहां एनआरसी ज्यादा महत्व रखती है।
गुरुवार को सचिवालय में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह एक अच्छा कदम है। उत्तराखंड अंतर्राष्ट्रीय सीमाओं से लगा हुआ प्रदेश है। सीमाएं खुली हुई हैं, ऐसे में किसी भी अंतराषर््ट्रीय सीमा से लगे राज्य में ये ज्यादा महत्व रखता है। प्रदेश सरकार इस मसले पर पहले से ही गंभीरता पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा कि इसके लागू होने के बाद घुसपैठ व राष्ट्र विरोधी तत्वों को लेकर चल रही शंकाओं का समाधान हो सकेगा।
अच्छा नहीं था गैरसैंण का पिछला अनुभव
विधानसभा सत्र के आयोजन से संबंधित सवाल पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि यह निर्णय सरकार को लेना है कि विधानसभा सत्र कहां कराया जाए। दरअसल, इस वर्ष गैरसैंण में एक भी सत्र नहीं हुआ है। इसे लेकर लगातार मांग उठ रही है। इस संबंध में पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि विधानसभा में कई वरिष्ठ विधायक हैं, जिनकी आयु काफी है। सत्र आयोजित कराते हुए सभी बातों का ध्यान रखना पड़ता है। कई दिक्कतें भी रहती हैं। पिछले बार का अनुभव अच्छा नहीं था।
टीएचडीसी के संबंध में नहीं कोई जानकारी
टीएचडीसी को एनटीपीसी को सौंपे जाने संबंधी सवाल पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि केंद्रीय स्तर पर क्या बात हुई है, इसकी उन्हें कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि कयासों के आधार पर कुछ कहना उचित नहीं है।