समग्र विकास को 10 साल का विजन डाक्यूमेंट हो रहा तैयार, जानिए और क्या बोले सीएम धामी
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की देश में अग्रणी राज्यों में पहचान बने इसके लिए निरंतर समग्र विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी विभागों का आगामी 10 वर्षों का विजन डाक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है।
राज्य ब्यूरो, देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रदेश की देश में अग्रणी राज्यों में पहचान बने, इसके लिए निरंतर समग्र विकास के लिए कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके लिए सभी विभागों का आगामी 10 वर्षों का विजन डाक्यूमेंट तैयार किया जा रहा है। बुधवार को मुख्यमंत्री आवास कैंप कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था बेहतर हो, इसके लिए सभी सरकारी स्कूलों में छात्रों को बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
मकसद यह कि आमजन अपने बच्चों को निजी स्कूलों के स्थान पर सरकारी स्कूलों में भेजने को प्रेरित हों। मुख्यमंत्री ने कहा कि पलायन रोकना एक बड़ी चुनौती है, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी व स्वरोजगार के अवसर बना कर सरकार इस चुनौती का सामना कर रही है। इसके लिए रोजगार मेलों का आयोजन कर ऋण वितरण के साथ ही अन्य स्वीकृतियां एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गैरसैंण सबकी भावनाओं का केंद्र है। ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के विकास के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे। युवाओं को स्वरोजगार व रोजगार से जोडऩे के लिए सरकार का प्रयास जारी है।
देवस्थानम बोर्ड पर सरकार ने किया जनभावनाओं का सम्मान
कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत ने कहा कि उत्तराखंड चारधाम देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग कर प्रदेश सरकार ने जनभावनाओं का सम्मान किया है।भगत ने कहा कि धामी सरकार ने पहले ही साफ किया था कि देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड पर 30 नवंबर तक निर्णय ले लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियत तिथि पर देवस्थानम प्रबंधन अधिनियम को निरस्त करने के साथ ही देवस्थानम बोर्ड को भंग करने की घोषणा कर चारधाम के तीर्थ पुरोहितों और हक-हकूकधारियों की भावनाओं के अनुरूप कदम उठाया है। उन्होंने सरकार द्वारा गन्ना के समर्थन मूल्य में बढ़ोतरी और बंद पड़ी सितारगंज चीनी मिल को चालू किए जाने के निर्णय का भी स्वागत किया।राज्यसभा सदस्य नरेश बंसल ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद से पुष्कर सिंह धामी ने अनेक चुनौतीपूर्ण विषयों और जनसरोकारों के मामले में साहसिक निर्णय लेकर सभी वर्गों के दिलों में अपना और भाजपा का मान-सम्मान बढ़ाया है। देवस्थानम प्रबंधन बोर्ड को भंग करने का निर्णय भी इसी कड़ी का हिस्सा है।
यह भी पढ़ें- करोड़ों के घाटे में डूबे रोडवेज को Fastag के बाद अब डीजल में चपत, अधिकारियों की लापरवाही पड़ रही भारी