Move to Jagran APP

Citizenship Amendment Act: उत्‍तराखंड में घर-घर जाकर सीएए की भ्रांति दूर करेगी भाजपा

भाजपा कार्यकर्ता नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के विषय में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे।

By Sunil NegiEdited By: Published: Fri, 03 Jan 2020 09:29 AM (IST)Updated: Fri, 03 Jan 2020 09:29 AM (IST)
Citizenship Amendment Act: उत्‍तराखंड में घर-घर जाकर सीएए की भ्रांति दूर करेगी भाजपा
Citizenship Amendment Act: उत्‍तराखंड में घर-घर जाकर सीएए की भ्रांति दूर करेगी भाजपा

देहरादून, राज्य ब्यूरो। भाजपा कार्यकर्ता नागरिकता संशोधन अधिनियम 2019 के विषय में फैली भ्रांतियों को दूर करने के लिए घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करेंगे। भाजपा ने सभी मोर्चों को छह जनवरी के बाद रैलियों और सम्मेलनों की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंप दी हैं।

loksabha election banner

 गुरुवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में सीएए को समर्थन के संबंध में मोर्चों की बैठक बुलाई गई। बैठक में मुख्य वक्ता प्रदेश महामंत्री अनिल गोयल ने सभी पदाधिकारियों को सीएए को लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों का आक्रामक उत्तर देने और आमजन को जागरूक करने को कहा। उन्होंने कहा कि संगठन द्वारा सीएए पर जागरूकता के लिए एक से 15 जनवरी तक कार्यक्रम कराया जा रहा है। इसके तहत छह से 10 जनवरी तक सभी विधानसभाओं में रैली निकाली जाएंगी।

 

सात से 10 जनवरी तक सभी स्कूल, कॉलेज व संस्थानों में सीएए के संबंध में पत्र बांटने के साथ ही गोष्ठियों का आयोजन किया जाएगा। 11 से 15 जनवरी तक प्रबुद्ध सम्मेलन व शरणार्थी सम्मेलन किए जाएंगे। 14 अप्रैल तक इन तीन देशों से आए सभी शरणार्थियों के सभी दस्तावेज व फॉर्म भरवाने का कार्य कार्यकर्ताओं के सहयोग से किया जाएगा। कार्यक्रम का संचालन सह मीडिया प्रभारी शादाब शम्स ने किया। बैठक में ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्यामवीर सैनी, एससी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राजेश कुमार, सह मीडिया प्रभारी संजीव वर्मा व सभी जिलों के मोर्चों के अध्यक्ष व महामंत्री उपस्थित थे।

नागरिकता संशोधन क़ानून के बारे में जन जागरण अभियान के अंतर्गत उत्तराखंड में सभी 13 जिलों में भाजपा नेताओं के कार्यक्रम तय कर दिए गए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत अल्मोड़ा,  शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक पिथौरागढ़ व प्रदेश उपाध्यक्ष ज्योति गैरोला उत्तरकाशी में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। चार जनवरी को हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर देहरादून, सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय टम्टा चंपावत, कैबिनेट मंत्री डॉ. हरक सिंह रावत ऊधम सिंह नगर, अरविंद पांडेय टिहरी, सुबोध उनियाल पौड़ी, राज्य मंत्री धन सिंह रावत रुद्रप्रयाग, राज्य मंत्री रेखा आर्य बागेश्वर व विधायक बलवंत सिंह भौर्याल चमोली में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। पांच जनवरी को केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक हल्द्वानी तथा प्रदेश भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद अजय भट्ट हरिद्वार में जन जागरूकता कार्यक्रम में शामिल होंगे।

सीएए के प्रचार को भाजपाइयों ने कसी कमर

घर-घर जाकर लोगों को नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) की जानकारी देने के लिए भाजपाइयों ने कमर कस ली है। पार्टी के तमाम नेताओं ने कार्यकर्ताओं से सीएए के प्रचार में जुटने की अपील की। इस संबंध में महानगर कार्यालय के साथ ही विभिन्न क्षेत्रों में मंडल स्तर पर कार्यशालाएं आयोजित की गईं। आंबेडकर नगर मंडल की कार्यशाला महानगर कार्यालय में हुई। जिसमें महामंत्री संगठन अनिल गोयल और महानगर अध्यक्ष सीताराम भट्ट भी शामिल हुए।  कार्यशाला के मुख्य वक्ता विशाल गुप्ता ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से नागरिक संशोधन कानून जनहित में लागू किया गया है। लेकिन कुछ लोग इसे लेकर भ्रम फैला रहे हैं। इन बातों को हमें घर-घर लेकर जाना है। मंडल स्तर पर अपने वार्ड अध्यक्षों के माध्यम से बूथ स्तर पर इस कार्यक्रम को किया जाएगा। संपर्क अभियान, संवाद कार्यक्रम, प्रबुद्ध सम्मेलन मोर्चा कार्यक्रम, प्रमुख रैली, प्रमुख शरणार्थी सम्मेलन, सामाजिक संपर्क, सोशल मीडिया, नागरिकता सहायता केंद्र के संचालन की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को दी गई है। इस अवसर पर रविंद्र कटारिया, मीना कपूर, पार्षद पवन त्रिपाठी, ममता गर्ग, अनीता गर्ग, अभिषेक नौटियाल आदि उपस्थित रहे।

जीएमएस मंडल की कार्यशाला

कैंट विधानसभा क्षेत्र के तहत जीएमएस मंडल और प्रेमनगर कांवली मंडल की ओर से भी कार्यशाला की गई। गुरु रोड स्थित एक वेडिंग प्वाइंट में भाजपा नेता पुनीत मित्तल व रविंद्र कटारिया ने 15 जनवरी तक होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी कार्यकर्ताओं को दी। विधायक हरबंस कपूर ने भी कार्यकर्ताओं में जोश भरा। इस अवसर पर नरेश बंसल, विनय गोयल, बबलू बंसल, विजेंद्र थपलियाल, आदित्य चौहान, उदय सिंह पुंडीर, हरीश कोहली आदि उपस्थित थे।

यह भी पढ़ें: Citizenship Amendment Act: सीएए के संबंध में जन जागरूकता अभियान चलाने को बनाई रणनीति

उधर, धर्मपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी नगर मंडल के कार्यकर्ताओं की भी कार्यशाला हुई। जिसमें विधायक विनोद चमोली ने कहा कि कार्यकर्ता सीएए के प्रचार में पूरी तरह जुट जाएं और लोगों को इसके प्रति जागरूक करें। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष पूनम ममगाईं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कार्यक्रम की जिम्मेदारी ली।

यह भी पढ़ें: शुभकामना के साथ ही हरीश रावत ने दिया तकदीर बदलने का संदेश


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.