परिसंपत्ति बंटवारे मुख्य सचिवों की बैठक आज
राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच चल रहे परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर
राज्य ब्यूरो, देहरादून: उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच चल रहे परिसंपत्ति बंटवारे को लेकर चल रहे विवाद पर दोनों प्रदेश अब सकारात्मक दिशा में कदम बढ़ाते नजर आ रहे हैं। इस कड़ी में दोनों प्रदेशों के मुख्य सचिवों यानी उत्तराखंड के मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव राजीव कुमार के बीच देहरादून में शनिवार को बैठक होगी।
उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के बीच राज्य गठन के बाद से ही परिसंपत्तियों को लेकर विवाद चल रहा है। उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकारें बनने के बाद इस दिशा में सकारात्मक कदम बढ़े हैं। इसी कड़ी में होटल अलकनंदा को लेकर दोनों प्रदेशों के बीच सहमति बन चुकी है। दोनों राज्यों के बीच परिवहन करार के मसौदे पर भी हस्ताक्षर हो चुके हैं। इसके अलावा दोनों प्रदेशों के बीच सिंचाई विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, औद्योगिक विकास विभाग, तराई बीच एवं तराई विकास परिषद और उत्तराखंड बहुद्देशीय वित्त विकास निगम आदि विभागों के बीच परिसंपत्तियों का मसला अभी लंबित ही चल रहा है। इसके अलावा उत्तराखंड में तकरीबन 1500 एकड़ जमीन ऐसी है जिस पर अभी उत्तर प्रदेश का ही कब्जा है। पंचेश्वर बांध के लिए भूमि अधिग्रहण के चलते जितने पेड़ कटेंगे, प्रदेश सरकार को उसी अनुपात में वनीकरण भी करना है। इसके लिए प्रदेश सरकार के पास भूमि नहीं है। माना जा रहा कि प्रदेश सरकार उत्तर प्रदेश से वनीकरण के लिए काबिज जमीनों को छोड़ने की मांग भी कर सकती है।
शनिवार को होने वाली बैठक में उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव पुनर्गठन जितेंद्र कुमार, प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी विकास नितिन रमन गोकर्ण व प्रमुख सचिव सिंचाई व जल संसाधन टी वेंकटेश भी मौजूद रहेंगे।