Uttarakhand Governor: उत्तराखंड के राज्यपाल पद पर जल्द हो सकता है बदलाव
उत्तराखंड की राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के जल्द इस्तीफा देने की चर्चाएं हो रही हैं। बता दें कि दो दिन पहले उन्होंने नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात की थी। इसके बाद से उनके इस्तीफा देने की चर्चाएं इंटरनेट मीडिया चल रही हैं।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। Uttarakhand Governor उत्तराखंड को नया राज्यपाल मिल सकता है। राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के जल्द इस्तीफा देने की चर्चाएं हैं। दो दिन पहले नई दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात के बाद उनके इस्तीफा देने की चर्चाओं ने इंटरनेट मीडिया पर जोर पकड़ा। यह भी कहा जा रहा है कि केंद्र सरकार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी से नवाज सकती है।
उत्तराखंड के राज्यपाल के तौर पर बेबी रानी मौर्य बीती 26 अगस्त को अपने तीन साल का कार्यकाल पूरा कर चुकी हैं। इस अवधि में वह राज्य में महिलाओं के हितों को लेकर खासी मुखर रही हैं। महिलाओं के आर्थिक उत्थान के लिए उन्हें सस्ते ऋण दिलाने के लिए भी उन्होंने प्रयास किए। कोरोना संकट काल में राज्य के दूरदराज क्षेत्रों में आम जन तक राहत सामग्री व आक्सीजन कंसंट्रेटर पहुंचाने में भी उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
यह भी पढ़ें:- रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट बोले, किसी भी आर्डिनेंस फैक्ट्री का नहीं होगा निजीकरण
राज्यपाल के रूप में उनके योगदान को देखते हुए चर्चा है कि केंद्र सरकार उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपने की तैयारी में है। कयास ये भी लगाए जा रहे हैं कि अगले वर्ष उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए सक्रिय राजनीति में भी उनकी भूमिका तय की जा सकती है। दरअसल बीते दिनों नई दिल्ली दौरे के दौरान राज्यपाल बेबी रानी मौर्य की गृह मंत्री अमित शाह के साथ मुलाकात हुई थी। इस मुलाकात के बाद ही इंटरनेट मीडिया पर उत्तराखंड में राज्यपाल बदलने की चर्चाएं जोर पकड़ गईं।
यह भी पढ़ें:-Free Dialysis: उत्तराखंड के सभी जिला अस्पतालों में मरीजों का मुफ्त डायलिसिस, अक्टूबर तक शुरू हो जाएंगे सेंटर
राज्यपाल बेबी रानी मौर्य के पद से जल्द इस्तीफा देने की चर्चाएं भी हैं। तीन साल पूरे होने के बाद राज्यपाल पत्रकारों से भी रूबरू हुईं थीं। इस संबंध में राजभवन से संपर्क करने की कोशिश की गई। हालांकि राजभवन ने ऐसी किसी जानकारी होने से इन्कार किया है।
यह भी पढ़ें:- Former CM TS Rawat: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को भाजपा जल्द सौंप सकती है अहम जिम्मेदारी