ई-कैबिनेट के लिए सचिवालय में दिया जाएगा प्रशिक्षण, पढ़िए पूरी खबर
प्रदेश सरकार ने ई-कैबिनेट की दिशा में अब कदम आगे बढ़ा दिए हैं। इस क्रम में सोमवार को सचिवालय में ई-कैबिनेट के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। प्रदेश सरकार ने ई-कैबिनेट की दिशा में अब कदम आगे बढ़ा दिए हैं। इस क्रम में सोमवार को सचिवालय में ई-कैबिनेट के संबंध में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत भी इस कार्यक्रम में शिरकत करेंगे।
प्रदेश में सरकार ने पर्यावरण को बचाने के लिए कम से कम कागजों के इस्तेमाल करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाते हुए पेपरलैस ई-कैबिनेट कराने का निर्णय लिया है। यह कैबिनेट बैठक नवंबर के पहले सप्ताह में प्रस्तावित है। इस बैठक से पहले सचिवालय स्टाफ को प्रशिक्षित किया जाना है। इस कड़ी में सचिवालय के अनुसचिव व एसओ स्तर के अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
अब सचिवालय में बड़े अधिकारियों व मंत्रियों के स्टाफ को भी इस संबंध में प्रशिक्षित करने की तैयारी चल रही है। इस ई-कैबिनेट के लिए मुख्यमंत्री, सभी मंत्रियों व प्रशासकीय विभागों के आला अधिकारियों के लिए कुल 24 टू-इन वन लैपटॉप खरीदे जा रहे हैं। किस तरह लैपटॉप के जरिये एजेंडे को पढ़ा जाएगा और इस पर आगे काम होगा इसके लिए कर्मचारियों के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों व मंत्रियों के स्टाफ को भी प्रशिक्षित किया जाना है। यहां तक कि मंत्रियों को भी इस संबंध में जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा अन्य उपकरणों की खरीद भी कर ली गई है।
यह भी पढ़ें: उत्तराखंड में नवंबर माह में होगी त्रिवेंद्र सरकार की पहली ई-कैबिनेट
अब सोमवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में ही ई-कैबिनेट के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। इसमें ई-कैबिनेट के संचालन और इसकी कार्यवाही के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
यह भी पढ़ें: पूर्व सीएम हरीश रावत बोले, भाजपा सरकार ने पंचायतों को किया कमजोर