शिरड़ी दर्शन को गया व्यापारी 12 दिन से है लापता Dehradun News
दून का व्यापारी 11 दिनों से लापता है। परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि व्यापारी की अंतिम लोकेशन भी शिरड़ी में मिली है।
देहरादून, जेएनएन। साईं बाबा के दर्शन करने शिरड़ी गया दून का व्यापारी 11 दिनों से लापता है। परिजनों की तहरीर पर प्रेमनगर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है कि व्यापारी की अंतिम लोकेशन भी शिरड़ी में मिली है। सर्विलांस की मदद से पुलिस जानकारी जुटा रही है।
प्रेमनगर के विंग नम्बर छह निवासी व्यापारी पंकज शर्मा(44 वर्ष) पुत्र अर्जुन दत्त शर्मा 11 जुलाई को शिरड़ी साईं बाबा के दर्शन करने निकले थे। शिरड़ी पहुंचने पर वह लगातार अपने परिजनों के संपर्क में थे। 17 जुलाई को उन्होंने अपनी पत्नी से बात कर जल्द वापस आने की बात कही थी। मगर, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की। मगर, कहीं भी उनका पता नहीं चल पाया।
इस मामले में पंकज के परिजनों ने शिरड़ी पुलिस और प्रेमनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। प्रेमनगर के थानाध्यक्ष नरेंद्र गहलावत ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज कर ली है। पंकज की अंतिम लोकेशन शिरड़ी में मिली है। पुलिस सर्विलांस और दूसरे माध्यम से पंकज की तलाश में जुटी है। उन्होंने बताया कि व्यापारी के गायब होने के पीछे दूसरे कारणों की भी जांच की जा रही है। शिरड़ी पुलिस से संपर्क कर जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें: सहारनपुर का कांवड़ यात्री नहाते समय गंगनहर में डूबा, लापता
यह भी पढ़ें: पिंडर नदी किनारे टहल रही एक वृद्धा नदी में डूबकर हुई लापता
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप