Move to Jagran APP

ब्लॉक प्रमुख चुनाव नतीजों से कांग्रेस को संतोष, 31 फीसद सीटों पर जीत का दावा

प्रदेश में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में करीब 31 फीसद सीटों पर कांग्रेस ने दावा किया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अब तक के प्रदर्शन को पार्टी संतोषजनक मान रही है।

By Edited By: Published: Wed, 06 Nov 2019 09:37 PM (IST)Updated: Thu, 07 Nov 2019 11:55 AM (IST)
ब्लॉक प्रमुख चुनाव नतीजों से कांग्रेस को संतोष, 31 फीसद सीटों पर जीत का दावा
ब्लॉक प्रमुख चुनाव नतीजों से कांग्रेस को संतोष, 31 फीसद सीटों पर जीत का दावा

देहरादून,  राज्य ब्यूरो। उत्तराखंड में ब्लॉक प्रमुखों के चुनाव में करीब 31 फीसद सीटों पर कांग्रेस ने दावा किया है। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में अब तक के प्रदर्शन को पार्टी संतोषजनक मान रही है। प्रदेश संगठन पंचायतों में अपने प्रदर्शन को नगर निकायों की तर्ज पर ही प्रचंड बहुमत से सत्ता पर आरुढ़ भाजपा के खिलाफ जनाक्रोश की अभिव्यक्ति करार दे रहा है। 

loksabha election banner

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि त्रिस्तरीय पंचायतों में कांग्रेस के साथ ही निर्दलों को बड़ी संख्या में कामयाबी मिली है। यह सरकार के खिलाफ पंचायतों में बड़ा जनमत है। नगर निकाय चुनाव के बाद अब पंचायत चुनाव को कांग्रेस अपने लिए राहत के तौर पर देख रही है। हालांकि त्रिस्तरीय पंचायतों में कांग्रेस की जड़ें गहरी मानी जाती हैं। 

पिछले पंचायत चुनाव के दौरान प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी। लिहाजा पंचायतों पर पार्टी का एकतरफा कब्जा रहा है। अब तस्वीर में बदलाव दिखाई दे रहा है। खासतौर पर वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव में भाजपा तीन चौथाई से ज्यादा बहुमत के साथ कांग्रेस को हाशिए पर धकेलने में कामयाब रही थी। इस वजह से प्रदेश में शहरों और पंचायतों में छोटी सरकारों के गठन के लिए कांग्रेस ने अपनी खोई ताकत दोबारा हासिल करने के लिए पूरी ताकत झोंकी।

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव में ग्राम प्रधान से लेकर क्षेत्र पंचायतों और जिला पंचायतों में सदस्यों में निर्दलों को बड़ी संख्या में जीत मिली है। कांग्रेस इन निर्दलों को अपनी विचारधारा से जुड़ा करार दे रही है। हालांकि त्रिस्तरीय पंचायत सदस्यों के बूते ब्लॉक प्रमुखों और जिला पंचायत अध्यक्षों के चुनाव में भी कांग्रेस पर बेहतर प्रदर्शन का दबाव है। 

जिला पंचायतों के अध्यक्ष के चुनाव में भाजपा के दांव के आगे कांग्रेस भले ही पीछे नजर आ रही हो, लेकिन ब्लॉक प्रमुखों में उसने चुनाव में खड़े किए गए समर्थित 34 प्रत्याशियों में से 28 को जीत मिलने का दावा किया है। प्रदेश में कुल 95 ब्लॉकों में हरिद्वार जिले को छोड़कर शेष 12 जिलों के 89 ब्लॉकों में प्रमुखों के चुनाव बुधवार को संपन्न हुए। ब्लॉकों में विजयी निर्दलों में करीब आधा दर्जन को कांग्रेस अपनी विचारधारा से जुड़ा बता रही है। 

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की ओर से चुनाव जीतने के लिए प्रशासन पर दबाव बनाया हुआ था। इसके बावजूद कांग्रेस ने बेहतर प्रदर्शन किया। निर्दलों की बड़ी संख्या में जीत सत्तारूढ़ दल के खिलाफ जनता में रोष को साफ तौर पर दर्शा रहा है। 

यह भी पढ़ें: प्रमुख पद पर रुद्रप्रयाग में खाता तक नहीं खोल पाई भाजपा, अल्मोड़ा में भी निराशा

प्रीतम ने बचाया चकराता ब्लॉक 

ब्लॉक प्रमुख के चुनाव में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष व चकराता विधायक प्रीतम सिंह अपने गृह ब्लॉक चकराता को बचाने में कामयाब रहे हैं। देहरादून जिले के सहसपुर ब्लॉक में भी कांग्रेस की प्रमुख निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी है।

यह भी पढ़ें: पंचायत चुनावः भाजपा ने इस ब्लॉक की तीनों सीटों पर किया कब्जा Dehradun News


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.