भाजपा के बागी दिनेश रावत करोड़पति, कैंट सीट से निर्दलीय उतरे मैदान में
भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर दिनेश रावत कैंट सीट से निर्दलीय मैदान में उतर गए हैं। वह डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। दिनेश और उनकी पत्नी ऊषा रावत के पास एक करोड़ 68 लाख रुपये से अधिक की संपति है।

जागरण संवाददाता, देहरादून। भाजपा से टिकट नहीं मिलने से नाराज होकर कैंट सीट से निर्दलीय मैदान में उतरे दिनेश रावत डेढ़ करोड़ से अधिक की संपत्ति के मालिक हैं। दिनेश और उनकी पत्नी ऊषा रावत के पास एक करोड़ 68 लाख से अधिक की चल-अचल संपति है। वर्तमान में उनके पास पांच लाख रुपये नगद और उनकी पत्नी के पास साढ़े चार लाख रुपए नगद धनराशि है। इसके अलावा बैंक खाता में उनके तीन लाख रुपये और पत्नी के साढ़े तीन लाख रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के पास दस तोला सोने के आभूषण हैं जिसका मूल्य पांच लाख रुपये है। डेढ़ तोला सोने के आभूषण दिनेश के पास भी हैं। उनके पास एक चौपहिया वाहन भी है जिसकी कीमत पौने 16 लाख रुपये है। जबकि पत्नी के पास एक्टिवा है। वहीं दिनेश रावत एक करोड़ 30 लाख बाजार मूल्य की अचल संपति के मालिक भी हैं। 95 लाख का गृह ऋण भी उन पर है।
उक्रांद प्रत्याशी अनिरूद्ध भी डेढ़ करोड़ के मालिक
कैंट से उक्रांद के प्रत्याशी अनिरूद्ध काला भी करोड़पति हैं। उनके पास वर्तमान में एक करोड़ 69 लाख 80 हजार की चल-अचल संपति है। वर्तमान में उनके पास एक लाख और पत्नी सुमन काला के पास दस हजार रुपये नगद राशि है। बैंक खाते में उनके करीब चार लाख रुपये जमा हैं। उनकी पत्नी के पास सवा एक लाख रुपये और स्वयं उनके पास पचास हजार के सोने के आभूषण हैं। चार लाख कीमत वाला चौपहिया वाहन भी उनके पास है। अचल संपति के नाम पर उनके पास देहराखास स्थित पास सिटी में आवासीय भवन है जिसका बाजार मूल्य एक करोड़ 20 लाख रुपये है। जबकि उनकी पत्नी के पास रुड़की में 14 लाख 12 हजार बाजार मूल्य की गैर कृषि भूमि है। एक करोड़ से अधिक का ऋण भी उनपर है।
डीएवी के प्राध्यापक के पास नहीं घर
कैंट सीट से सपा प्रत्याशी हैं डा. डीएवी पीजी कालेज में प्रोफेसर डा. आरके पाठक ने भी कैंट विधानसभा सीट से बतौर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी ताल ठोकी है। वह भी करीब एक करोड़ 28 हजार की चल-अचल संपत्ति के मालिक हैं। इसमें उनकी पत्नी अनामिका के नाम की संपति का मूल्य भी शामिल है। वर्तमान में डा. पाठक के पास डेढ़ लाख रुपये और पत्नी के पास एक लाख 40 हजार रुपये नगद धनराशि है। अलग-अलग बैंक खातों में उनके साढ़े सात लाख रुपये और उनकी पत्नी के साढ़े तीन लाख रुपये जमा हैं। छह लाख 60 हजार की एलआइसी भी उनकी है। उनकी पत्नी के पास साढ़े छह लाख और उनके पास दो लाख मूल्य के सोने के आभूषण भी हैं। डा. पाठक के पास 25 लाख और उनकी पत्नी के पास 40 लाख बाजार मूल्य की भूमि है। हालांकि उनके पास कोई आवासीय व व्यवसायिक भवन नहीं है। बीस लाख रुपये का ऋण भी उन पर है।
Edited By Sunil Negi