BJP National JP Nadda बोले, योग्य और समर्पित कार्यकर्ताओं की न हो उपेक्षा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों की तरफ उनका ध्यान खींचा। साथ ही सुझाव दिया कि पार्टी संगठन में योग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
राज्य ब्यूरो, देहरादून। BJP National President JP Nadda भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पदाधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान संघ पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों की तरफ उनका ध्यान खींचा। साथ ही सुझाव दिया कि पार्टी संगठन में योग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं की उपेक्षा नहीं होनी चाहिए।
तय कार्यक्रम के मुताबिक भाजपा अध्यक्ष नड्डा रविवार सुबह करीब नौ बजे अन्य पार्टी नेताओं के साथ तिलक रोड स्थित संघ कार्यालय में जलपान के लिए पहुंचे। उन्होंने संघ पदाधिकारियों से मुलाकात के दौरान अपने देशव्यापी प्रवास कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी। संघ पदाधिकारियों ने संगठन से जुड़े विषयों पर नड्डा से अनौपचारिक चर्चा भी की। संघ के क्षेत्र कार्यवाह (पश्चिमी उत्तर प्रदेश व उत्तराखंड) शशिकांत दीक्षित के अनुसार चर्चा के दौरान भाजपा अध्यक्ष के समक्ष ये बात मुख्य रूप से रखी गई कि योग्य व समर्पित कार्यकर्ताओं का उनकी क्षमता के अनुरूप पार्टी को उपयोग करना चाहिए।
इसके अलावा सभी को साथ लेकर चलने पर भी जोर दिया गया। इस अवसर पर संघ के प्रांत संचालक गजेंद्र, सह प्रांत संचालक डॉ राकेश भट्ट, प्रांत कार्यवाह दिनेश सेमवाल, सह प्रांत कार्यवाह देवेंद्र, सह प्रांत प्रचार प्रमुख संजय, भाजपा के राष्ट्रीय सह महामंत्री संगठन शिवप्रकाश, प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, सह प्रभारी रेखा वर्मा, प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत, प्रदेश महामंत्री संगठन अजय कुमार आदि मौजूद थे।
नड्डा ने निभाया वायदा
संघ के क्षेत्र कार्यवाह दीक्षित के मुताबिक इसी वर्ष मार्च में बेंगलुरु में हुई संघ की प्रतिनिधि सभा की बैठक में भाजपा अध्यक्ष नड्डा को उत्तराखंड आने का न्योता दिया गया था। तब नड्डा ने वायदा किया था कि जब भी उत्तराखंड आएंगे, संघ पदाधिकारियों से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह वायदा निभाया।