भाजपा विधायकों को परफार्मेंस के आधार पर मिलेगा टिकट
विधानसभा चुनाव में भले ही अभी करीब सवा साल का वक्त हो लेकिन भाजपा अभी से तैयारियों में जुट गई है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत का कहना है कि परफार्मेंस रिपोर्ट ही विस चुनाव में विधायकों के पार्टी टिकट का आधार बनेगी।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। विधानसभा चुनाव में भले ही अभी करीब सवा साल का वक्त हो, लेकिन भाजपा अभी से तैयारियों में जुट गई है। इस कड़ी में विधायकों की परफार्मेंस के सिलसिले में पार्टी ने फीडबैक लेना शुरू कर दिया है। जल्द ही एजेंसी तय कर सर्वे भी कराया जाएगा। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बंशीधर भगत का कहना है कि परफार्मेंस रिपोर्ट ही विस चुनाव में विधायकों के पार्टी टिकट का आधार बनेगी। चुनाव में केवल जिताऊ प्रत्याशियों को ही मैदान में उतारा जाएगा। साथ ही यह भी जोड़ा कि वर्तमान में पार्टी के सभी विधायक जिताऊ हैं और सभी की परफार्मेंस अच्छी है।
2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने राज्य की 70 विधानसभा सीटों में से 57 पर जीत दर्ज कर प्रचंड बहुमत हासिल किया था। इसके बाद हुए नगर निकाय, त्रिस्तरीय पंचायतों और सहकारिता चुनावों में पार्टी ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया। यही नहीं, पिछले लोकसभा चुनावों में भी पार्टी ने राज्य की सभी पांचों लोकसभा सीटों पर दोबारा जीत दर्ज कर इतिहास रचा था। इस सबको देखते हुए भाजपा के सामने 2022 में होने वाले विधानसभा चुनावों में भी पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है। इसे देखते हुए भाजपा अभी से सक्रिय हो गई है।
भाजपा नेतृत्व ने बूथ स्तर तक पार्टी संगठन को और अधिक मजबूत करने को कमर कसी है। मंत्री, विधायकों के साथ ही पार्टी के प्रांतीय, जिला व मंडल स्तरीय पदाधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। इसी क्रम में अब विधायकों की परफार्मेंस के सिलसिले में सर्वे कराने की तैयारी चल रही है।
दौरों के लिए मंत्रियों को लिखेंगे पत्र
भाजपा की कोर कमेटी की इस माह के पहले हफ्ते हुई बैठक में सरकार के मंत्रियों के लिए जिलों का भ्रमण अनिवार्य किया गया था, लेकिन तीन हफ्ते बाद भी यह पहल परवान नहीं चढ़ पाई है। इसके अलावा मंत्रियों के लिए बुधवार व गुरुवार को विधानसभा स्थित कार्यालयों में बैठने के दिन नियत किए गए थे। ये व्यवस्था भी आकार नहीं ले पा रही है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के मुताबिक इस सिलसिले में वह मंत्रियों को पत्र लिखने जा रहे हैं कि वे जिलों का दौरा शुरू करें।
भाजयुमो का गठन अब 12 के बाद
भाजपा के आनुषांगिक संगठन भाजयुमो के गठन में उम्र की बाधा का पेच फंस गया है। भाजयुमो की प्रांतीय व जिला इकाइयों के लिए ऐसे व्यक्तियों के नाम सामने आए हैं, जिनकी आयु तय मानक से अधिक है। प्रांतीय कार्यकारिणी के लिए अधिकतम 35 वर्ष और जिला इकाइयों के लिए 30 वर्ष आयु सीमा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भगत के मुताबिक आयु सीमा में छूट देने के बारे में केंद्रीय नेतृत्व से आग्रह किया जाएगा। ऐसे में भाजयुमो का गठन 12 नवंबर के बाद ही हो पाएगा। वजह ये कि 28 अक्टूबर से 12 नवंबर तक मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्ग होने हैं।