सेलाकुईं में मृत मिला बिहार का मजदूर, ठंड से मौत की आशंका Dehradun News
सेलाकुईं में एक होटल की चाहरदीवारी के पास बिहार का मजदूर मृत हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया है।
विकासनगर(देहरादून), जेएनएन। सहसपुर थाना क्षेत्र के सेलाकुईं में एक होटल की चाहरदीवारी के पास बिहार का मजदूर मृत हालत में मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने मजदूर के ठंड से मरने की आशंका जताई है।
दरअसल, शनिवार सुबह सेलाकुईं चौकी की पुलिस को लोगों ने सूचना दी थी कि होटल स्पाइस सेलाकुईं की चाहरदीवारी के बाहर सड़क किनारे एक व्यक्ति मृत पड़ा है। सूचना मिलते ही चौकी सेलाकुईं से दरोगा अशोक गौड़ मय पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने मृत व्यक्ति की पहचान नगीना प्रसाद निवासी पुरानी बाजार नरकटियागंज पश्चिम चंपारण बिहार, हाल निवासी पीठ वाली गली जबलपुर सेलाकुईं के रूप में की है।
फिलहाल, पुलिस ने शव को नगीना के सगे संबंधियों के सुपुर्द कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मजदूर नगीना प्रसाद सेलाकुईं में अकेला ही रहकर मजदूरी करता था। मृतक की शिनाख्त होने के बाद पुलिस ने परिजनों को बिहार में भी सूचना दे दी। सेलाकुई चौकी इंचार्ज नरेंद्र पुरी ने बताया कि मजदूर के ठंड से मरने की आशंका जताई जा रही है, क्योंकि शुक्रवार की रात में बारिश के कारण ठंड ज्यादा थी। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।
यह भी पढ़ें: डीसीएम ने बाइक सवार दो छात्रों को मारी टक्कर, मौत