सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत बोले, हर व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ
सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा है।
देहरादून, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों से सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने को कहा है। उन्होंने जिलों में प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही योजनाओं को आम आदमी पर केंद्रित रखने को कहा। उन्होंने जिलों को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयास करने पर भी जोर देते हुए कहा कि कोशिश यह की जाएगी की मांग की आपूर्ति जिलों में ही उत्पादित व निर्मित उत्पादों से पूरी की जा सके। मुख्यमंत्री ने राज्य स्थापना दिवस नौ नवंबर 2020 तक राज्य को पूर्ण साक्षर बनाने के लिए मिशन मोड पर काम करने के निर्देश दिए। उन्होंने हरेला पर्व पर पूरे प्रदेश में एक ही दिन वृक्षारोपण करने को भी निर्देशित किया।
मंगलवार को सचिवालय में आइएएस वीक के दौरान अधिकारियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी ने थ्री-टी यानी ट्रेड, टेक्नोलॉजी और टूरिज्म पर विशेष जोर दिया है। प्रदेश में भी इन तीनों सेक्टर पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। जिलों में अधिकारियों द्वारा शुरू किए गए नए प्रयोगों पर प्रसन्नता जताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लक्ष्य निर्धारित कर काम किया जाए।
फील्ड में टीम भावना के साथ काम हो। उन्होंने प्रदेश में लगातार बढ़ रहे शहरीकरण को देखते हुए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने को कहा। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों से जिलों के गणमान्य लोगों के साथ लगातार संवाद करने की अपेक्षा की। कहा कि जिन कुपोषित बच्चों को गोद लिया गया था उनकी दशा में कितना सुधार हुआ, इस पर लगातार नजर रखी जाए।
मुख्य सचिव उत्पल कुमार सिंह ने आइएएस वीक का ब्योरा दिया। उन्होंने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग द्वारा होनहार विद्यार्थियों के लिए सुपर 100 योजना को जिला स्तर पर शुरू किए जाने की सराहना की। मुख्य सचिव ने कहा महिलाओं को रोजगार दिलाने की दशा में विशेष ध्यान देना होगा। इससे महिला सशक्तीकरण की राह में आगे बढ़ा जा सकता है। इस दौरान उन्होंने विभिन्न जिलों में शुरू की गई नई पहल के बारे में भी जानकारी दी।
यह भी पढ़ें: प्रदेश के विकास में जिलाधिकारियों की भूमिका अहम, पढ़िए पूरी खबर
इससे पूर्व अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने ई-गवर्नेंस, प्रमुख सचिव मनीषा पंवार ने उद्योग, सचिव सूचना प्रौद्योगिकी आरके सुधांशु, सचिव मुख्यमंत्री राधिका झा ने सीएम डैश बोर्ड और सीएसआर पोर्टल, सचिव गृह नितेश कुमार झा ने कुंभ 2021, सचिव राजस्व सुशील कुमार ने लैंड रिकार्ड डिजिटाइजेशन और सचिव परिवहन शैलेश बगोली ने ऑनलाइन सेवाओं के संबंध जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने सभी प्रतिभागियों को कंडाली से बने जैकेट भेंट किए।
यह भी पढ़ें: आइएएस वीक की मस्ती संग सीएम की क्लास, पढ़िए पूरी खबर