फ्लाईओवर पर फिर नया प्रयोग, बल्लीवाला में घटाई जाएगी स्पीड ब्रेकरों की संख्या
बल्लीवाला फ्लाईओवर पर सुरक्षा के लिए बनाए गए रंबल ब्रेकरों की संख्या अब कम होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने 17 की जगह 10 स्थानों पर ही स्पीड ब्रेकर रखने का निर्णय लिया है।
देहरादून, जेएनएन। बल्लीवाला फ्लाईओवर पर सुरक्षा के लिए बनाए गए रंबल ब्रेकरों की संख्या अब कम होगी। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने 17 की जगह 10 स्थानों पर ही स्पीड ब्रेकर रखने का निर्णय लिया है। अगले एक सप्ताह में यह व्यवस्था लागू की जाएगी। उम्मीद है कि इसके बाद बल्लीवाला फ्लाईओवर और नीचे वाहनों की गति बढ़ जाएगी।
बल्लीवाला फ्लाईओवर लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के लिए प्रयोगशाला बन गया है। बढ़ती दुर्घटनाओं से चिंतित मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने अधिकारियों के साथ कुछ दिन पहले फ्लाईओवर का निरीक्षण कर सुरक्षा के इंतजाम के निर्देश दिए। राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने भी मुख्यमंत्री के फरमान के बाद यहां 17 जगह रंबल स्पीड ब्रेकर बना दिए।
इससे आधा किमी दूरी में करीब 170 बार दुपहिया और चार पहिया वाहनों को ब्रेक लगाना पड़ रहा है। यही कारण है कि पिछले तीन दिनों से बल्लीवाला फ्लाईओवर और नीचे की सड़क से आवाजाही करने वालों को जाम में फंसना पड़ रहा है। लोगों ने इसका विरोध किया तो अब राष्ट्रीय राजमार्ग खंड ने बीच का रास्ता अपनाने का निर्णय लिया है। यहां 17 की जगह 10 यानी 170 की बजाय 100 बार ही ब्रेक लगेंगे। इसके बाद वाहनों की गति कुछ हद तक बढ़ जाएगी।
बोले अधिकारी
हरिओम शर्मा (एचओडी राष्ट्रीय राजमार्ग) का कहना है कि स्पीड ब्रेकर ज्यादा होने से गति धीमी हो गई थी। अब 17 की जगह 10 स्थानों पर ही स्पीड ब्रेकर बनाने को कहा गया है। एक सप्ताह के भीतर यह व्यवस्था लागू हो जाएगी। सुरक्षा को प्राथमिकता में रखा गया है।
यह भी पढ़ें: मुसीबत के फ्लाइओवर में वाहनों की गति पर ब्रेक, चौतरफा जाम
यह भी पढ़ें: इस खूनी फ्लाइओवर में रफ्तार पर ब्रेक लगाने को अब स्पीड ब्रेकर
यह भी पढ़ें: दून में बदहाल सार्वजनिक परिवहन, हिचखोले खा रही है जिंदगी