Badrinath Yatra: प्रधानमंत्री के भाई पंकज मोदी ने बदरीनाथ धाम में किए दर्शन, 20 को बंद होने हैं कपाट
Badrinath Yatra 2021 कपाट बंद होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी बदरी-विशाल के दर्शन को यहां पहुंचे। वे सुबह साढ़े आठ बजे हेलीकाप्टर से धाम पहुंचे और भगवान बदरी विशाल का आशीर्वाद लिया।
संवाद सहयोगी, गोपेश्वर। Badrinath Yatra 2021 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के छोटे भाई पंकज मोदी ने बुधवार को बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान नारायण के दर्शन किए। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से देश और विश्व की खुशहाली की कामना की।
बुधवार सुबह पंकज मोदी हेलीकाप्टर से बदरीनाथ धाम पहुंचे। मोदी ने आधे घंटे तक मंदिर के अंदर रहकर भगवान की पूजाओं में भाग लिया। पंकज मोदी ने कहा कि उन्होंने भगवान से देश और विश्व की खुशहाली की कामना की है। उन्होंने कहा कि भारतवर्ष आज तरक्की की राह पर है। कहा कि सभी व्यक्तियों को मिलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत करना होगा। तभी भारत विश्व में मजबूत होगा।
दूसरी ओर कांग्रेस पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने भी बदरीनाथ धाम पहुंचकर भगवान की पूजा अर्चना में भाग लिया। उन्होंने 2022 के चुनावों में कांग्रेस पार्टी की जीत व सरकार बनाने के लिए भगवान बदरी विशाल से कामना की।
20 नवंबर को बंद होने हैं धाम के कपाट
चारधाम यात्रा समाप्ति की ओर है। बदरीनाथ धाम (Badrinath Dham)के कपाट बंद होने के साथ ही यात्रा शीतकाल के लिए समाप्त हो जाएगी। बदरीनाथ धाम के कपाट बंद करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के बाद धाम में स्थित गणेश मंदिर के कपाट बंद कर दिए गए। वहीं, धाम के कपाट वृष लग्न में शाम 6 बजकर 45 मिनट पर विघि-विधान के साथ बंद कर दिए जाएंगे। परंपरा के अनुसार कपाट बंद होने से पहले बदरीनाथ धाम में पंच पूजाओं का प्राविधान है।
गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट हो चुके हैं बंद
विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री धाम (Gangotri Dham) के कपाट अन्नकूट के पर्व पर पांच नवंबर को विधि-विधान के साथ बंद किए गए। कपाट बंद होने से अब श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास मुखीमठ (मुखवा) में कर सकेंगे। वहीं, यमुनोत्री धाम (Yamunotri Dham) के कपाट भैया दूज के अवसर पर छह नवंबर को बंद किए गए। अब मां यमुना के दर्शन उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली में होंगे।
भैयादूज पर बंद हुए केदारनाथ धाम के कपाट
केदारनाथ धाम (Kedarnath Dham) के कपाट भैयादूज पर छह नवंबर को बंद किए गए। कपाट बंद होने के बाद पंचमुखी विग्रह मूर्ति विभिन्न पड़ावों से होते हुए शीतकालीन गद्दी स्थल श्री ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ में विराजमान हुई। अगले छह महीने के लिए भोले बाबा के दर्शन यहीं पर होंगे।
यह भी पढ़ें- Badrinath Yatra: बदरीनाथ धाम में शुरू हुई कपाट बंदी की प्रक्रिया, जानिए किस दिन क्या होगा